ग्राम नागरी में प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण आयोजित
दस्तावेजीकरण, नेतृत्व विकास और ग्राम विकास पर दिया गया जोर, प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित
सच की आंखें न्यूज़ | छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड तामिया के तत्वावधान में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत भवन नागरी में सेक्टर स्तरीय प्रस्फुटन समितियों का एक दिवसीय शक्ति संचय एवं क्षमता वर्धन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। नवांकुर संस्था श्री दादाजी जन जागृति एवं कल्याण समिति पीपरढार के मार्गदर्शन में हुए इस प्रशिक्षण में सेक्टर क्रमांक 5 के अंतर्गत ग्राम नागरी, लोटिया, कुम्हड़ी, चौराडोंगरी और खिरैतीमाल की प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सरपंच महावती मर्सकोले की उपस्थिति में मां भारतमाता एवं महर्षि वाल्मीकि के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। जिला समन्वयक अखिलेश जैन के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में दस्तावेजीकरण, संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता और समितियों के सशक्तीकरण पर विशेष जोर दिया गया।
जनकल्याणकारी गतिविधियों की दी जानकारी
विकासखंड समन्वयक ललिता कुशरे ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उद्देश्यों एवं कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि परिषद से जुड़ी समितियां विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी को बढ़ावा देती हैं।
नवांकुर संस्था के अध्यक्ष रघुवीर पन्द्राम ने जल संरक्षण, नशामुक्ति, पौधारोपण, स्वच्छता और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। वहीं, परामर्शदाता महेंद्र यादव ने प्रस्फुटन समितियों के दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया समझाते हुए बैठक पंजी, आय-व्यय रजिस्टर और गतिविधि रजिस्टर के नियमित संधारण की जानकारी दी। उन्होंने समितियों को स्वयंसेवी संगठन के रूप में विकसित करने तथा तकनीकी ज्ञान और कौशल संवर्धन के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
परामर्शदाता स्वाती सूर्यवंशी ने प्रस्फुटन समितियों की भूमिका एवं दायित्व, सामुदायिक नेतृत्व क्षमता के विकास, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नवांकुर संस्थाओं के साथ समन्वय जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने ग्राम विकास में युवाओं की भूमिका के साथ नशामुक्ति, जल संरक्षण, स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण की आवश्यकता बताई।
गांव की प्रतिभाओं को संगठित करने पर जोर
प्रदीप कुमार उइके ने कहा कि प्रस्फुटन समिति गांव की ऐसी इकाई है, जो स्थानीय प्रतिभाओं को सामने लाने और लोगों की सामूहिक शक्ति को संगठित करने का कार्य करती है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को अपने अनुभव साझा करने और ग्राम स्तर पर गतिविधियों की कार्ययोजना तैयार करने का अभ्यास भी कराया गया।
प्रशिक्षण में शामिल समिति सदस्यों ने अपने-अपने गांवों में नियमित बैठकें आयोजित करने और जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्यों के साथ नारंग सरयाम, राकेश पन्द्राम, रूपचंद उइके, रामसिंह इनवाती, मोहनवती मर्सकोले, सरिता मेहराम पन्द्राम सहित अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें