Top News

किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के प्रयास जारी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के प्रयास जारी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


जबलपुर में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित, प्राकृतिक खेती, पशुपालन और कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण पर दिया जोर

सच की आंखें न्यूज़ | भोपाल/जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए कृषि के साथ उद्यानिकी, मत्स्य पालन और पशुपालन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देना जरूरी है। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने और कृषि आधारित उद्योगों के विकास से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत मंगलवार को जबलपुर के कृषि उपज मंडी परिसर में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए और किसानों को संबोधित किया। उन्होंने जबलपुर की कृषि विशेषताओं का उल्लेख करते हुए मटर, सिंघाड़ा सहित अन्य कृषि उत्पादों की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण से किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

प्राकृतिक खेती और पशुपालन को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत कृषि के साथ उद्यानिकी, मत्स्य पालन और पशुपालन को प्रोत्साहित कर रही है। किसानों को अच्छी नस्ल की गाय उपलब्ध कराने और गौपालन के लिए प्रेरित करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने शुद्ध दूध-दही की उपलब्धता, प्राकृतिक खेती और जैविक उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक सहभागिता पर भी जोर दिया।

डॉ. यादव ने जबलपुर में फूड पार्क और औद्योगिक गतिविधियों के विकास की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कृषि और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय से किसानों को अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार मिल सकता है। उन्होंने प्रगतिशील किसानों को प्रोत्साहित करने तथा आधुनिक कृषि यंत्रों और नई तकनीकों की जानकारी किसानों तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।

बेहतर बाजार और सुविधाओं पर जोर

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि बलराम कृषि महोत्सव किसानों को शासन की योजनाओं और आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। किसानों को बेहतर बाजार, सुविधायुक्त मंडियां और अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ प्राकृतिक उत्पादों के लिए बाजार विकसित करने पर जोर दिया।

राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि ने कहा कि मुख्यमंत्री का किसानों से सीधा संवाद उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझने का अवसर प्रदान करता है। किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ मिले और उनकी जरूरतों के अनुरूप प्रयास किए जाएं, यह जरूरी है।

अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर फसल ऋण उपलब्ध कराने सहित विभिन्न माध्यमों से सहायता देने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कृषि के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने से किसानों की आय में वृद्धि हो सकती है। उन्होंने उन्नत देशी नस्ल की दुधारू गायों के पालन को प्रोत्साहित करने और पशुपालकों को पुरस्कार योजनाओं के माध्यम से सम्मानित करने का भी उल्लेख किया।

प्रगतिशील किसानों का किया सम्मान

कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान रुक्मणी पटेल, वीरेंद्र सिंह, रामदीन पटेल, रामेश्वर, कैलाश यादव, सीमा कुशवाहा, अनिल पटेल और सविता विश्वकर्मा को सम्मानित किया गया। महोत्सव में बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की। इस दौरान संबंधित विभागों द्वारा जीवंत मॉडलों का प्रदर्शन किया गया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी ‘इंदू’, नीरज सिंह, जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, अखिलेश जैन, रत्नेश सोनकर, ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, राजमणि सिंह बघेल, पंकज दुबे, सोनू बचवानी और अभिनव यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके अलावा कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गेहलोत, अनुविभागीय अधिकारी अधारताल मदन सिंह रघुवंशी, कृषि उप संचालक उमेश कटहरे सहित कृषि विभाग के अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Post a Comment

और नया पुराने