छिंदवाड़ा में रेरा जागरूकता कार्यशाला संपन्न


 म.प्र. भू-सम्पदा विनियामक प्राधिकरण भोपाल के सचिव श्री नीरज दुबे की अध्यक्षता में गत दिवस कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में रेरा जागरूकता कार्यशाला संपन्न हुई । इस रेरा जागरूकता कार्यशाला में सचिव श्री दुबे ने पावर पाईंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण के संबंध में विस्तृत दिशा निर्देशों को समझाया । कार्यशाला में प्राधिकरण भोपाल के अपर सचिव श्री उमाकांत पाण्डे ने भी विस्तृत रूप से प्राधिकरण के नियमों को समझाया । इस कार्यशाला में नगरपालिक निगम आयुक्त श्री राहुल सिंह, जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी सह मुख्य नगरपालिका अधिकारी अमरवाडा श्री रोशन सिंह बाथम सहित जिले के सभी 17 निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी, उपयंत्री और छिंदवाडा जिले के कालोनाईजर व कालोनाईजरों के प्रतिनिधि उपस्थित थे ।
म.प्र. भू-सम्पदा विनियामक प्राधिकरण भोपाल के सचिव श्री दुबे ने कार्यशाला में रेरा के अंतर्गत छिंदवाड़ा जिले की 99 पंजीकृत परियोजनाओं की जानकारी दी। इसमें 80 योजनायें व्यपगत परियोजनायें और 25 परियोजनायें ऐसी हैं जिनमें पूर्णता प्रमाणपत्र अपलोड नहीं किया गया, 6 परियोजनाओं में 100 प्रतिशत कार्य हुआ है, परन्तु पूर्णता प्रमाणपत्र अपलोड नहीं हुये हैं, 26 परियोजनाओं में कार्य पूरा नहीं हुआ है, 13 परियोजनायें ऐसी हैं जिनके संबंध में जानकारी नहीं मिली है तथा 5 परियोजनाओं में पूर्णता प्रमाण पत्र अपलोड है, परन्तु पोर्टल पर खुल नहीं रही हैं। कार्यशाला में जिले के कॉलोनाईजरों द्वारा भी अपनी समस्याओं के प्रति सचिव म.प्र.भू-सम्पदा विनियामक प्राधिकरण भोपाल का ध्यान आकर्षित कराया गया। जिले में चल रही परियोजनाओं के संबंध में आयुक्त नगरपालिक निगम छिंदवाड़ा द्वारा भी अपने विचार रखे गये । धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यशाला का समापन हुआ ।   

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ