अधिकारियों व कर्मचारियों ने कलेक्टर श्री सिंह के साथ किया पौधारोपण
छिन्दवाड़ा/ राज्य शासन के निर्देशानुसार पर्यावरण संरक्षण के लिए जिले में भी 01 से 15 जुलाई 2024 तक एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार आज कलेक्टर कार्यालय परिसर के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह के साथ अतिरिक्त कलेक्टर श्री के.सी.बोपचे, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, एसडीएम श्री सुधीर कुमार जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री आर.के.मेहरा, सहित कलेक्टर कार्यालय एवं कलेक्ट्रेट परिसर के सभी विभागों के 100 से अधिक अधिकारियों व कर्मचारियों ने पौधारोपण किया। इस दौरान आम, जामुन, आंवला, अशोक, करंज सहित अन्य छायादार वृक्षों के पौधे लगाए गए। कलेक्टर श्री सिंह ने जिले के सभी नागरिकों से इस अभियान के तहत अपनी मां के नाम कम से कम एक पौधा अनिवार्य रूप से लगाने और उसे संरक्षित करने की अपील की है।

