जुन्नारदेव।
स्थानीय बौद्ध विहार वार्ड क्रमांक 6 जुन्नारदेव में जेष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर बौद्ध महासभा जुन्नारदेव द्वारा विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में बौद्ध अनुयायी एकत्र हुए और त्रिशरण, पंचशील, बुद्ध वंदना व धम्म वंदना का सामूहिक पाठन किया गया।
कार्यक्रम में बौद्ध महासभा जुन्नारदेव के संरक्षक रामनाथ ऊबनारे ने तथागत बुद्ध के विचारों पर प्रकाश डालते हुए लोगों को संयम, करुणा और सम्यक दृष्टि अपनाने का संदेश दिया। महासभा अध्यक्ष उमेश अतुलकर और महासचिव श्याम खादीकर ने भी अपने संबोधन में बुद्ध के बताए अष्टांगिक मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
धम्म वंदना के दौरान उपासिकाएं ममता बागडे, वैशाली ठवरे, चंदा गणवीर एवं कंचन झरबडे ने अष्ट मंगलगाथा का सामूहिक पाठन किया, जिससे माहौल पूर्णतः भक्ति और ध्यानमय हो गया।
इस अवसर पर आनंद बौद्ध विहार समिति की ओर से अनिल पाटिल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में मीना ऊबनारे, मीत, अंशु सूर्यवंशी एवं गोलू खातरकर द्वारा सभी उपस्थित अनुयायियों में खीर प्रसादी वितरित की गई।
अंत में सभी उपासकों ने आनंद बौद्ध विहार समिति को धम्मदान कर पुण्य अर्जन किया।

