ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देगा तामिया सावन महोत्सव : सांसद श्री विवेक बंटी साहू रिमझिम फुहारों और कोहरे के बीच पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह, सावन के झूले बने आकर्षण का केंद्र

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देगा तामिया सावन महोत्सव : सांसद श्री विवेक बंटी साहू रिमझिम फुहारों और कोहरे के बीच पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह, सावन के झूले बने आकर्षण का केंद्र
छिंदवाड़ा। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर तामिया में आयोजित सावन महोत्सव ने रिमझिम फुहारों और घने कोहरे के बीच पर्यटकों को खासा आकर्षित किया। महाराष्ट्र, कर्नाटक सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों से पहुंचे पर्यटकों ने महोत्सव का आनंद लिया। सावन के झूले, आदिवासी संस्कृति, स्थानीय व्यंजन और हस्तशिल्प उत्पाद आयोजन के प्रमुख आकर्षण बने रहे।

महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर सांसद श्री विवेक बंटी साहू ने कहा कि तामिया का सावन महोत्सव ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगा। सावन के दौरान तामिया का सुहावना मौसम पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करता है। यहां विकसित होम स्टे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को पसंद आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा जिले के अन्य ग्रामों में भी होम स्टे विकसित किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड एवं जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में म.प्र. टूरिज्म बोर्ड के डायरेक्टर श्री डी.पी. सिंग, जुन्नारदेव एसडीएम सुश्री राजनंदनी ठाकुर, तामिया जनपद अध्यक्ष श्री तुलसा परतेती सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

म.प्र. टूरिज्म बोर्ड के डायरेक्टर श्री डी.पी. सिंग ने जिले में संचालित होम स्टे की जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से पर्यटन ग्रामों में विभिन्न पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्तमान में जिले में 57 होम स्टे संचालित हो रहे हैं, जबकि करीब 100 नए होम स्टे विकसित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। शेष होम स्टे भी शीघ्र पूर्ण किए जाएंगे।

जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के माध्यम से आयोजित तामिया सावन महोत्सव में पर्यटकों के मनोरंजन के लिए सावन के झूले लगाए गए हैं, जो आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके साथ ही आदिवासी कला, हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पादों की बिक्री के लिए भी स्टॉल लगाए गए हैं। पर्यटन ग्राम सावरवानी का शुद्ध देसी घी और पर्यटन ग्राम चोपना का स्वादिष्ट मावा भी पर्यटकों को खूब पसंद आ रहा है।

आदिवासी धुन पर झूमे सांसद

तामिया सावन महोत्सव में पहुंचे सांसद श्री साहू स्थानीय आदिवासी संस्कृति से खासे प्रभावित नजर आए। इस दौरान उन्हें गोंड आर्ट की पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया गया। सांसद ने पर्यटन ग्राम घटलिंगा से आए नृत्य दल के कलाकारों के साथ ढोल की थाप पर नृत्य कर उत्साह बढ़ाया। उन्होंने स्थानीय व्यंजनों महुए की पुड़ी, समा की खीर और बरबटी की दाल के बड़े का स्वाद भी लिया।

तामिया का सावन महोत्सव प्राकृतिक सौंदर्य, स्थानीय संस्कृति, आदिवासी कला और ग्रामीण पर्यटन के अनूठे संगम के रूप में पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default