सार्वजनिक श्री पोला उत्सव समिति की बैठक संपन्न10 सितंबर को भव्यता से मनाया जाएगा ऐतिहासिक एवं पारंपरिक पोला पर्व

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
सार्वजनिक श्री पोला उत्सव समिति की बैठक संपन्न
10 सितंबर को भव्यता से मनाया जाएगा ऐतिहासिक एवं पारंपरिक पोला पर्व

छिंदवाड़ा। सार्वजनिक श्री पोला उत्सव समिति बरारीपुरा की बैठक समिति के संयोजक एवं पार्षद विजय पांडे की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी ऐतिहासिक एवं पौराणिक परंपरा से जुड़े पोला पर्व को भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया। समिति के अनुसार पोला पर्व इस वर्ष 10 सितंबर 2026, गुरुवार को आयोजित किया जाएगा।

समिति संयोजक विजय पांडे ने बताया कि पोला पर्व पशुधन के पूजन और किसानों के सम्मान की परंपरा से जुड़ा पर्व है। इसका उद्देश्य हमारी संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है।

दोपहर 1 बजे निकलेगी भव्य गुड़ी यात्रा

पोला पर्व के अवसर पर गुड़ी यात्रा (चल समारोह) दोपहर 1 बजे श्री बगलामुखी माता मंदिर, बरारीपुरा से प्रारंभ होगी। यात्रा दास मोहल्ला, परमात्मा एक भवन के बाजू से, लाल सिंह पटेल के घर के सामने से होते हुए कुक्कन चौक, बड़ा गणपति, मराठी स्कूल, राज्यपाल चौक, संघ कार्यालय और पांडेय नर्सिंग होम के सामने से होते हुए मुख्य कार्यक्रम स्थल पोला ग्राउंड पहुंचेगी।

पोला ग्राउंड में गुड़ी पूजन, किसान सम्मान तथा आकर्षक साज-सज्जा वाली बैल जोड़ियों को पुरस्कार वितरण सहित मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

आकर्षण का केंद्र होंगी विभिन्न झांकियां

समिति ने बताया कि बरारीपुरा के कपाले परिवार द्वारा करीब सात पीढ़ियों से गुड़ी यात्रा निकालने की परंपरा रही है। सार्वजनिक श्री पोला उत्सव समिति द्वारा पिछले 16 वर्षों से इस परंपरा को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है।

चल समारोह में व्यायामशाला के सदस्य, आदिवासी नृत्य टोली और श्री महाकाल ग्रुप के कलाकार ढोल-बाजों के साथ शामिल होंगे। भगवान महाकाल, अघोरी, राधा-कृष्ण एवं इस वर्ष जामवंत जी की सजीव झांकी विशेष आकर्षण रहेगी। एडवोकेट पीयूष शर्मा भगवान महादेव की सजीव झांकी के रूप में विशाल नंदी पर सवार होकर चल समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। जय भवानी ग्रुप रोहनाकला के युवा व्यायामशाला के माध्यम से साहसिक एवं जांबाज करतब प्रस्तुत करेंगे।

श्री महाकाल ग्रुप द्वारा शिव तांडव तथा राधा-कृष्ण की नृत्य प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

पोला पर्व की अलग पहचान

समिति के अनुसार छिंदवाड़ा में पोला पर्व की अपनी विशिष्ट पहचान है। दशकों से शहर के मध्य स्थित मैदान में यह आयोजन होता आ रहा है, जिसके कारण इसका नाम भी पोला ग्राउंड पड़ा। पर्व की भव्यता को देखते हुए हर वर्ष विभिन्न जिलों से पत्रकार एवं सोशल मीडिया प्रतिनिधि भी आयोजन को कवर करने छिंदवाड़ा पहुंचते हैं।

समिति ने नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पोला पर्व को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाएं तथा आने वाली पीढ़ी को अपनी पौराणिक एवं पारंपरिक संस्कृति से परिचित कराएं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default