इंदौर में 23-24 अक्टूबर को होगी एमपी सेमीकंडक्टर समिट-2026
मुख्यमंत्री ने निवेशकों, विशेषज्ञों और स्टार्टअप्स को दिया ग्लोबल समिट में शामिल होने का आमंत्रण
भोपाल/छिन्दवाड़ा/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ‘इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0’ के माध्यम से देश को सेमीकंडक्टर क्षेत्र में सशक्त बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को साकार करने में मध्यप्रदेश अपनी अग्रणी भूमिका निभाने के लिए तैयार है। प्रदेश में सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर सहित आधुनिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े अनेक प्रोजेक्ट्स पर कार्य हो रहा है। राज्य सरकार इस क्षेत्र में प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आगामी 23-24 अक्टूबर को इंदौर में आयोजित होने वाली ‘एमपी सेमीकंडक्टर समिट-2026’ के कैम्पेन पोस्टर के विमोचन अवसर पर संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन नागर, प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी श्री एम. सेल्वेन्द्रम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था, जब देश में चिप निर्माण के बारे में कोई सोचता भी नहीं था, लेकिन अब मध्यप्रदेश ने इस दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। राज्य सरकार आगामी 23-24 अक्टूबर को इंदौर में ‘मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026’ आयोजित करने जा रही है। उन्होंने देश-विदेश के निवेशकों, तकनीकी विशेषज्ञों, स्टार्टअप्स, शिक्षाविदों और नीति-निर्धारकों का मध्यप्रदेश की धरती पर स्वागत करते हुए उन्हें समिट में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
उन्होंने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के संकल्प को साकार करने तथा विजन-2047 के समृद्ध मध्यप्रदेश एवं विकसित भारत की यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने बीते ढाई वर्षों में उद्योग एवं व्यापार के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए 25 नई नीतियां लागू की हैं। इन नीतियों के माध्यम से सरलीकृत एवं पारदर्शी व्यवस्था के साथ निवेशकों को कार्य करने का बेहतर अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश रोजगार के अवसर बढ़ाने, बेरोजगारी दर को न्यूनतम स्तर पर लाने तथा देश-विदेश के निवेशकों का विश्वास जीतने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।
