दुग्ध समितियों से किसानों की आय बढ़ाने के होंगे प्रयास, प्रत्येक नगर पंचायत में बनेगा गीता भवन
भोपाल/छिन्दवाड़ा/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि कैलारस शुगर फैक्ट्री को पुनः प्रारंभ कराया जाएगा। इससे क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज का बेहतर लाभ मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। मुरैना में दुग्ध समितियों के माध्यम से दुग्ध संग्रहण को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। मुरैना सहित जिले की प्रत्येक नगर पंचायत में गीता भवन का निर्माण कराया जाएगा। इन भवनों में नागरिकों को अध्ययन की सुविधा मिलेगी। जिले के एक विकासखंड में वृंदावन भवन भी बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को कृषि उपज मंडी परिसर, मुरैना में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को सीहोर से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कृषि महोत्सव एवं कृषि प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुरैना जिला गेहूं, धान, तिलहन एवं दलहन उत्पादन में अग्रणी रहा है। किसान गेहूं की खेती को बढ़ावा दें। खेती के लिए दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि उद्यानिकी के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को देश में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है। भविष्य में 30 लाख लोगों को सोलर पंप उपलब्ध कराने की योजना है। इससे किसानों को सिंचाई के साथ विद्युत व्यय में भी राहत मिलेगी।
उन्होंने किसानों से दूध डेयरी को आय के अतिरिक्त साधन के रूप में अपनाने और गाय पालन को बढ़ावा देने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत किसानों के हित में विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण की सुविधा दी जा रही है। खरीफ एवं रबी फसलों के लिए ऋण चुकाने की अवधि 6-6 माह से बढ़ाकर एक वर्ष कर दी गई है। अब किसान ऋण लेने की तारीख से एक वर्ष की अवधि में ऋण चुका सकेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों को उन्नत बाजरा एवं सरसों के बीज उपलब्ध कराए गए हैं। प्रदेश में ढाई करोड़ किसानों को सब्सिडी पर बीज उपलब्ध कराया गया है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज एवं बेहतर कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी आय में वृद्धि की जाए।
कृषि क्षेत्र में मध्यप्रदेश की मजबूत पहचान
किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री एदल सिंह कंषाना ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के अग्रणी कृषि उत्पादक राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। गेहूं, सोयाबीन, चना, दलहन-तिलहन तथा उद्यानिकी के क्षेत्र में प्रदेश के किसान निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। यह उपलब्धि किसानों की मेहनत, कृषि वैज्ञानिकों के ज्ञान और सरकार की किसान हितैषी नीतियों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अधिक उत्पादन, अधिक उत्पादकता, बेहतर गुणवत्ता, कम लागत, बेहतर मूल्य और किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन, कृषि यंत्रीकरण, प्राकृतिक खेती तथा दलहन-तिलहन मिशन जैसी योजनाओं से किसानों को लाभ मिल रहा है।
कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि को डिजिटल तकनीक से जोड़ा जा रहा है। ई-विकास प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण में पारदर्शिता लाई गई है। 1 अप्रैल 2026 से प्रदेश के सभी जिलों में उर्वरक वितरण इसी प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है। इससे अनावश्यक कतारों, कालाबाजारी एवं अनियमित वितरण पर नियंत्रण में सहायता मिल रही है।
प्रगतिशील किसान एवं मेधावी विद्यार्थी सम्मानित
कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्री कंषाना ने प्रगतिशील किसानों सर्वश्री राममोहन मीणा, गिर्राज आदिवासी, उदय राठौर, अरविंद सिंह गुर्जर, बालबिहारी शर्मा, राकेश शर्मा, संजय शर्मा, रामबाबू सिंह, कौशलकिशोर एवं बृजेन्द्र को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं मेधावी विद्यार्थियों हर्ष कुशवाह, रिचा तोमर, शिवेन्द्र यादव, अमन शर्मा, रागिनी देवी, हर्षित वशिष्ठ, कृतिका सिकरवार, धर्मेन्द्र धाकड़, रियान खान एवं कु. सोनम को भी स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। समाजसेवी श्री कमलेश कुशवाह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
मुरैना-श्योपुर सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने किसानों से जैविक खाद अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रासायनिक खाद का संतुलित उपयोग भूमि की उर्वरता बनाए रखने में सहायक होगा। किसानों से आवश्यकता के अनुसार खाद, बीज एवं पानी का उपयोग करने की अपील की गई। सांसद ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं तथा नदियों को जोड़ने की योजनाओं के माध्यम से किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका किसानों ने अवलोकन कर विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, संयुक्त संचालक कृषि, उप संचालक कृषि मुरैना सहित बड़ी संख्या में किसान एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
