Top News

प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरूबिछुआ के ग्राम गुमतरा में 27 सितंबर एवं परासिया के ग्राम भाजीपानी में 28 सितंबर को पंजीयन शिविर


प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू

बिछुआ के ग्राम गुमतरा में 27 सितंबर एवं परासिया के ग्राम भाजीपानी में 28 सितंबर को पंजीयन शिविर

छिन्दवाड़ा। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत केंद्रीय स्तर पर संचालित उप-योजना प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह योजना का क्रियान्वयन जिले में किया जा रहा है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए इच्छुक मछुआरे, मत्स्य किसान, मत्स्य विक्रेता एवं मत्स्य उद्यमी भारत सरकार द्वारा विकसित नेशनल फिशरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म (एनएफडीपी) पर अपना पंजीयन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

एनएफडीपी के माध्यम से प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह योजना के अंतर्गत ऋण सुविधा, मत्स्य सहकारी समितियों का सशक्तिकरण, जलीय कृषि बीमा, प्रदर्शन अनुदान, ट्रैसेबिलिटी, प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण सहित विभिन्न गतिविधियों का लाभ लिया जा सकता है।

सहायक संचालक मत्स्योद्योग, जिला छिंदवाड़ा ने बताया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले में विकासखंड एवं ग्राम स्तर पर पंजीयन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड बिछुआ के ग्राम गुमतरा में 27 सितंबर तथा विकासखंड परासिया के ग्राम भाजीपानी में 28 सितंबर को पंजीयन शिविर आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने जिले के सभी मछुआरों एवं मत्स्य पालकों से शिविर में उपस्थित होकर अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराने तथा योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।

योजना के लिए इच्छुक हितग्राही अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड के टोल फ्री नंबर 1800-425-1660 पर सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 9:30 बजे से शाम 8 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।

Post a Comment

और नया पुराने