प्रदेश के 313 विकासखंडों में चलेगा पर्यावरण संरक्षण अभियान, 10 लाख मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं की घर-घर स्थापना का लक्ष्य
भोपाल/छिन्दवाड़ा/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वावधान में “माटी गणेश-सिद्ध गणेश” अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभियान की संकल्पना पर केंद्रित पोस्टर का विमोचन भी किया।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नवाचारी पहल करते हुए यह अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत पर्यावरण हितैषी संस्था नर्मदा समग्र द्वारा प्रशिक्षण के माध्यम से प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में परिषद के नेटवर्क से जुड़ी नवांकुर सखियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
प्रशिक्षित नवांकुर सखियां अपने-अपने ग्रामों में स्थानीय महिलाओं को मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं बनाने के लिए प्रेरित एवं प्रशिक्षित करेंगी। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से 10 लाख मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं की घर-घर स्थापना कराई जाएगी।
अभियान का लक्ष्य 10 लाख गणेश प्रतिमाओं के निर्माण के साथ 25 लाख लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करना है। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ जनभागीदारी को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
इस अवसर पर परिषद के उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव श्रीमन तथा परिषद के कार्यपालन निदेशक डॉ. बकुल लाड उपस्थित रहे।
