देहात पुलिस ने 24 घंटे में किया चोरी का खुलासा, मां-बेटे गिरफ्तार
सोने के जेवर सहित 3 लाख 76 हजार 800 रुपये का मशरूका जब्त, आरोपी राहुल उइके पर पहले भी दर्ज है चोरी का मामला
छिंदवाड़ा। थाना देहात पुलिस ने घर में घुसकर सोने के जेवर चोरी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में मां-बेटे को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने के जेवर सहित कुल 3 लाख 76 हजार 800 रुपये का मशरूका जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी राहुल उइके के विरुद्ध पूर्व में भी थाना देहात में चोरी का एक अपराध दर्ज है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईशा नगर निवासी सरिता पाटिल, पति दिलीप पाटिल, उम्र 42 वर्ष ने 17 अक्टूबर 2026 को थाना देहात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 20 सितंबर से 16 अक्टूबर 2026 के बीच अज्ञात व्यक्ति उनके घर की अलमारी में रखे सोने के दो कंगन, एक सोने की चेन, दो कान के झाले, एक सोने की नथ और दो सोने की अंगूठियां चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर थाना देहात में अपराध क्रमांक 617/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305(A) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस को मिली सफलता
क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत ने पुलिस टीम गठित की। पुलिस ने स्थानीय मुखबिरों और साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान 17 अक्टूबर को मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर 20 सितंबर की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच घर में चोरी करना स्वीकार किया। बताया गया कि घर के सदस्य मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर अलमारी में रखे सोने के जेवर चोरी किए गए थे।
ये जेवर किए गए जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के दो कंगन, दो सोने के कान के झाले और एक सोने की चेन जब्त की है। जब्त मशरूके की कुल कीमत 3 लाख 76 हजार 800 रुपये बताई गई है। पुलिस द्वारा आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
1. राहुल पिता रविशंकर उइके, उम्र 19 वर्ष, निवासी ईशा नगर, थाना देहात, छिंदवाड़ा।
2. सुनीता पति रविशंकर उइके, उम्र 40 वर्ष, निवासी ईशा नगर, थाना देहात, छिंदवाड़ा।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, सहायक उपनिरीक्षक संदीप सिंह राजपूत, आरक्षक सौरभ बघेल, सूरज सिंह चौहान, शेरसिंह रघुवंशी तथा साइबर सेल से प्रधान आरक्षक नितिन और आरक्षक आदित्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा श्री अजय पाण्डे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक चौधरी के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
सहयोगी जनता — सक्रिय पुलिस — सुरक्षित समाज।

एक टिप्पणी भेजें