सकरिया गांव के पास हुआ हादसा, स्थानीय लोगों और कांग्रेस नेता जितेंद्र जाटव ने यात्रियों को सुरक्षित निकालने में की मदद
पन्ना। पन्ना-सतना मार्ग पर सकरिया गांव के पास सतना से पन्ना आ रही अंबे कंपनी की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। यात्रियों को मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बस सकरिया गांव के पास पहुंची, तभी चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क से नीचे खाई में उतर गई। दुर्घटना होते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।
इसी दौरान सतना जा रहे कांग्रेस नेता जितेंद्र जाटव भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर यात्रियों को बस से बाहर निकालने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में सहयोग किया। इसके बाद देवेंद्र नगर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
हादसे के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

एक टिप्पणी भेजें