बिना पंजीयन संचालित बताए जा रहे वाटर प्लांट, घर-घर पहुंच रहा बिना जांच का पानी

बिना पंजीयन संचालित बताए जा रहे वाटर प्लांट, घर-घर पहुंच रहा बिना जांच का पानी
सच की आंखें – आमला
आमला नगर में इन दिनों शुद्ध पेयजल के नाम पर सप्लाई हो रहे पानी को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित आरओ (रिवर्स ऑस्मोसिस) प्लांटों के संबंध में चर्चा है कि कई प्लांट बिना आवश्यक पंजीयन एवं लाइसेंस के संचालित हो रहे हैं तथा पानी की नियमित जांच भी नहीं कराई जा रही है।

नगर की गोविंद कॉलोनी, साकरे कॉलोनी, पांडे मोहल्ला, कुंबी मोहल्ला, इतवारी चौक, सोमवारी चौक, मेन मार्केट, बस स्टैंड, भवानी नगर और बोड़खी सहित अन्य क्षेत्रों में सुबह एवं शाम लोडिंग वाहनों के माध्यम से पानी की सप्लाई की जा रही है। इन वाहनों में 10 लीटर की टंकियों के माध्यम से पानी घर-घर पहुंचाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन टंकियों की नियमित सफाई एवं पानी की गुणवत्ता जांच को लेकर कोई स्पष्ट व्यवस्था दिखाई नहीं देती।
जानकारों के अनुसार एक मानक आरओ प्लांट में प्री-फिल्टर, कार्बन फिल्टर और हाई-प्रेशर पंप सहित अन्य उपकरण होना अनिवार्य होता है, जो पानी में मौजूद अशुद्धियों और बैक्टीरिया को काफी हद तक कम करता है। यदि फिल्टर समय पर न बदले जाएं या मशीनों की सर्विसिंग न हो, तो पानी दूषित होने की संभावना बढ़ जाती है, जिससे पेट संबंधी बीमारियां एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।
नगरवासियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि नगर में संचालित सभी आरओ प्लांटों के पंजीयन, लाइसेंस एवं पानी की गुणवत्ता की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और शुद्ध पेयजल मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ