मां काली मंदिर चौसठ योगिनी शक्ति पीठ धाम में विजय दशमी पर विशाल दिव्य एवं भव्य यज्ञ सम्पन्न

मां काली मंदिर चौसठ योगिनी शक्ति पीठ धाम में विजय दशमी पर विशाल दिव्य एवं भव्य यज्ञ सम्पन्न
जुन्नारदेव। विजय दशमी के पावन शुभ अवसर पर जुन्नारदेव विकासखंड स्थित मां काली मंदिर चौसठ योगिनी शक्ति पीठ धाम में विशाल, दिव्य एवं भव्य यज्ञ का आयोजन संपन्न हुआ। यह आयोजन पीठाधीश्वर डॉ. सुशील मिश्र के पावन सानिध्य में चैत्र नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत परंपरागत रूप से संपन्न कराया गया।

पीठाधीश्वर डॉ. मिश्र ने बताया कि यह यज्ञ उनके दादा गुरु श्री श्री पंडित श्याम विहारी मिश्र के समय से ही इसी स्थान पर नवरात्रि की दशमी तिथि को संपन्न कराया जाता रहा है। उसी गुरु-शिष्य परंपरा का पालन करते हुए शक्ति पीठ धाम में परंपरागत शास्त्रों के अनुसार वर्ष 1975 से मां काली की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है।

उन्होंने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान यहां मनोकामना कलश अनुष्ठान, नव दिवस मां दुर्गा सप्तशती पाठ एवं विशाल यज्ञ का आयोजन किया जाता है, जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचकर अनुष्ठान, यज्ञ एवं तंत्र साधना का लाभ प्राप्त करते हैं। दस महाविद्याओं में यहां मां काली की प्रमुख रूप से पूजा-अर्चना की जाती है।

पीठाधीश्वर के अनुसार जो भी भक्त अपनी मनोकामना लेकर यहां आता है, अनुष्ठान में सम्मिलित होता है तथा यज्ञशाला एवं मां चौसठ योगिनी की परिक्रमा करता है, उसकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। निःसंतान दंपत्तियों को संतान प्राप्ति तथा रोग से ग्रसित लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिलने की भी श्रद्धालुओं की आस्था है।

चैत्र नवरात्रि पर्व के दौरान शक्ति पीठ धाम में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ