जिला शिक्षा अधिकारी गोपाल सिंह बघेल एवं अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जि.पं. पुरुषोत्तम राजोदिया हुए सेवानिवृत्तकलेक्टर हरेंद्र नारायन की उपस्थिति में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित


सच की आंखें

छिन्दवाड़ा/ 30 अप्रैल 2026/ छिंदवाड़ा कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला शिक्षा अधिकारी श्री गोपाल सिंह बघेल एवं जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पुरुषोत्तम राजोदिया के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

     कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने कहा कि दोनों अधिकारियों का व्यक्तित्व अत्यंत सरल, सहज एवं प्लीजेंट पर्सनालिटी का रहा है। उन्होंने अपने समस्त दायित्वों का निर्वहन सदैव तटस्थता, निष्पक्षता एवं पूर्ण ईमानदारी के साथ किया। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारी प्रशासनिक कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कलेक्टर श्री नारायन ने दोनों अधिकारियों को सेवानिवृत्ति उपरांत सुखद, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

     मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि सामान्यतः सेवानिवृत्ति के निकट आने पर कार्य की गति कम हो जाती है, किन्तु श्री बघेल एवं श्री राजोदिया ने अपने अंतिम समय तक पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य किया, जो सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने भी दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

     समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके उत्कृष्ट सेवाकाल को सम्मानपूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर एडीएम श्री धीरेन्द्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर व श्रीमती अंकिता त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर श्री आर.के.मेहरा, श्री राहुल कुमार पटले व श्री पुष्पेन्द्र निगम सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ