चांदामेटा में हरियाली तीज उत्सव के साथ “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम संपन्न
पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का लिया संकल्प, महिलाओं को भेंट किए गए पौधे
छिन्दवाड़ा । मध्यप्रदेश शासन के आह्वान पर जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक श्री संजीव भांवरकर के निर्देशन तथा परामर्शदाता श्री मनीष कैथवास के मार्गदर्शन में विकासखंड परासिया के सेक्टर क्रमांक-1 स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर, चांदामेटा में हरियाली तीज उत्सव एवं “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन नगर विकास प्रस्फुटन समिति चांदामेटा, नगर विकास प्रस्फुटन समिति परासिया एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अंबाडा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके पश्चात परामर्शदाता श्री मनीष कैथवास ने हरियाली उत्सव के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, जल एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में नवांकुर सखियों एवं प्रस्फुटन समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
नवांकुर संस्था नव चेतना पब्लिक वेलफेयर सोसायटी के श्री अंकेश बाघ ने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों के संरक्षण और लालन-पालन की जिम्मेदारी भी सभी को लेनी चाहिए। तभी हरियाली महोत्सव का उद्देश्य सार्थक हो सकेगा।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को पौधे भेंट किए गए तथा मंदिर परिसर में पौधारोपण किया गया। परामर्शदाता श्री मनीष कैथवास ने उपस्थितजनों को पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम का मंच संचालन सुश्री पूजा कैथवास ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सुश्री अभिलाषा साहू ने किया।
कार्यक्रम में नगर एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों चांदामेटा, परासिया एवं अंबाडा के सदस्य, नवांकुर संस्था से सुश्री पूजा कैथवास, सुश्री अभिलाषा साहू, श्रीमती काजल कुशवाहा, श्रीमती ज्योति कैथवास, श्रीमती साक्षी, श्रीमती पूजा, श्रीमती ज्योति यादव, श्रीमती पिंकी, श्रीमती गीतिका विश्वकर्मा, श्रीमती सीमा उइके, श्रीमती कुसुम कैथवास, श्रीमती पल्लवी मिश्रा, श्रीमती शोभा पंडौले, श्रीमती सुमन, श्रीमती यशोदा बेलवंशी, श्रीमती संगीता पॉल, श्रीमती राजेश डेहरिया, श्रीमती सतीश यादव, श्री अंकेश बाघ, श्री रोहित, श्री अक्षत, श्रीमती खुशी एवं श्रीमती निशा सहित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं, ग्राम के गणमान्य नागरिक तथा मंदिर समिति चांदामेटा के सदस्य उपस्थित रहे।
उपस्थितजनों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम के अंत में मंदिर समिति द्वारा सभी उपस्थितजनों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई, जिसके पश्चात कार्यक्रम का समापन हुआ।

एक टिप्पणी भेजें