मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उप स्वास्थ्य केंद्र तलून का किया निरीक्षण गर्भवती महिलाओं, सिकलसेल मरीजों और बच्चों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की ली जानकारी

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उप स्वास्थ्य केंद्र तलून का किया निरीक्षण गर्भवती महिलाओं, सिकलसेल मरीजों और बच्चों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की ली जानकारी
भोपाल/छिंदवाड़ा, 14 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को बड़वानी जिले के प्रवास के दौरान दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र तलून का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और ग्रामीणों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर से क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं की संख्या, उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विशेष रूप से उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (एचआरपी) की पहचान और उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी के संबंध में भी जानकारी ली। इसके साथ ही क्षेत्र में सिकलसेल से प्रभावित मरीजों की संख्या, उनके उपचार और स्वास्थ्य निगरानी की स्थिति के बारे में भी पूछा।

स्वास्थ्य सेवाओं की मैपिंग का किया अवलोकन

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आंत्रा फाउंडेशन द्वारा तैयार किए गए स्वास्थ्य संबंधी मैप का अवलोकन किया। इस मैप के माध्यम से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (एचआरपी) और बच्चों से संबंधित स्वास्थ्य जानकारी को बिंदुओं के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इसी प्रकार सिकलसेल से प्रभावित मरीजों और कुपोषण की स्थिति को भी मैप पर चिन्हित किया गया है।

इस मैपिंग के माध्यम से संबंधित हितग्राहियों की पहचान करने, उनकी नियमित स्वास्थ्य निगरानी करने और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराने में सुविधा होती है। मुख्यमंत्री ने इस पहल की जानकारी लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की मैपिंग के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया।

अनमोल पोर्टल पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी की ली जानकारी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्र पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी की अनमोल पोर्टल पर की जा रही एंट्री के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती महिलाओं और बच्चों से संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण की स्थिति तथा केंद्र पर उपलब्ध दवाइयों के बारे में पूछा।

कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर ने मुख्यमंत्री को बताया कि स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी नियमित रूप से पोर्टल पर दर्ज की जा रही है। केंद्र पर आवश्यक दवाइयां समय पर उपलब्ध हो जाती हैं तथा ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं है।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बड़वानी जिले के पाटी क्षेत्र के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में ग्रीन कमांडो अभियान के अंतर्गत किए जा रहे स्वास्थ्य संबंधी कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों, सिकलसेल प्रभावित मरीजों और कुपोषित बच्चों की नियमित पहचान तथा स्वास्थ्य निगरानी पर निरंतर ध्यान दिया जाना आवश्यक है।

उन्होंने स्वास्थ्य अमले को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ आम लोगों को मिले तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर जांच, उपचार, दवाइयां और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default