बालाघाट–सिवनी लोकसभा क्षेत्र की वर्षों पुरानी और जनभावनाओं से जुड़ी बालाघाट–सिवनी फोरलेन सड़क की मांग को लेकर सांसद श्रीमती भारती पारधी ने महत्वपूर्ण पहल की है। सांसद श्रीमती पारधी के नेतृत्व में क्षेत्रीय विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रालय में मध्यप्रदेश के नवनियुक्त मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल से मुलाकात कर फोरलेन सड़क परियोजना से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की और परियोजना को गति देने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल में विधायक श्री कमल मस्कोले, श्री राजकुमार कर्राहे एवं श्री गौरव पारधी शामिल रहे। जनप्रतिनिधियों ने मुख्य सचिव को बताया कि बालाघाट–सिवनी फोरलेन केवल सड़क परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और आर्थिक प्रगति से जुड़ी महत्वपूर्ण जनआकांक्षा है। यह मार्ग बालाघाट, सिवनी सहित आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लिए आवागमन की महत्वपूर्ण जीवनरेखा है।
व्यापार और अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा लाभ
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि फोरलेन सड़क के निर्माण से आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और तेज होगा। इससे यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ दुर्घटनाओं में कमी लाने में भी मदद मिल सकती है। दोनों जिलों के बीच बेहतर संपर्क से विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों, व्यापारियों और दैनिक आवागमन करने वाले नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
फोरलेन बनने से व्यापार, कृषि, उद्योग, परिवहन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क संपर्क क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसरों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
शीघ्र कार्यवाही का किया आग्रह
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल से आग्रह किया कि बालाघाट–सिवनी फोरलेन की बहुप्रतीक्षित मांग को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक प्रशासनिक एवं विभागीय कार्यवाही शीघ्र आगे बढ़ाई जाए, ताकि परियोजना की दिशा में ठोस और समयबद्ध प्रगति हो सके।
मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा रखे गए विषय को गंभीरता से सुना और क्षेत्र की आवश्यकता एवं जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्यवाही तथा परियोजना को गति देने के लिए सकारात्मक रुख व्यक्त किया।
मुख्य सचिव के सकारात्मक रुख के बाद जनप्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि बालाघाट–सिवनी फोरलेन की वर्षों पुरानी मांग अब निर्णायक दिशा में आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्राथमिकता के साथ शासन के समक्ष उठाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
नवनियुक्त मुख्य सचिव को दी बधाई
मुलाकात के प्रारंभ में सांसद श्रीमती भारती पारधी एवं विधायक प्रतिनिधिमंडल ने नवनियुक्त मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल को नवीन दायित्व ग्रहण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। जनप्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके कुशल प्रशासनिक नेतृत्व में प्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि बालाघाट–सिवनी फोरलेन वर्तमान की आवश्यकता के साथ-साथ क्षेत्र की बढ़ती आबादी, यातायात और आर्थिक गतिविधियों को देखते हुए भविष्य की महत्वपूर्ण अधोसंरचनात्मक जरूरत भी है। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को गति देने के लिए प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
