प्रधानमंत्री मोदी के स्वतंत्रता दिवस संकल्पों की सिद्धि में हरसंभव योगदान देगा मध्यप्रदेश : मुख्यमंत्री डॉ. यादवप्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना में डिंडौरी देश में प्रथम, औद्योगिक क्लस्टर के सर्वाधिक प्रस्ताव भेजने में मध्यप्रदेश दूसरे स्थान परमुख्यमंत्री ने मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले मंत्रियों को संबोधित किया

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
प्रधानमंत्री मोदी के स्वतंत्रता दिवस संकल्पों की सिद्धि में हरसंभव योगदान देगा मध्यप्रदेश : मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना में डिंडौरी देश में प्रथम, औद्योगिक क्लस्टर के सर्वाधिक प्रस्ताव भेजने में मध्यप्रदेश दूसरे स्थान पर मुख्यमंत्री ने मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले मंत्रियों को संबोधित किया

भोपाल/छिंदवाड़ा, 18 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले से देश के विकास और आत्मनिर्भरता को लेकर जो संकल्प लिए गए हैं, उनकी सिद्धि में मध्यप्रदेश हरसंभव योगदान देगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बच्चों की खेल प्रतिभा तलाशने, युवाओं को निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा की ऑनलाइन कोचिंग देने, एक करोड़ युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की ट्रेनिंग देने तथा नशामुक्त भारत के लिए 100 सप्ताह का अभियान चलाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले मंत्रियों को संबोधित कर रहे थे।

बच्चों की खेल प्रतिभा तलाशने चलेगा अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि 5 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों में खेल प्रतिभाओं की पहचान के लिए गांव-गांव, शहर-शहर और स्कूल-स्कूल टैलेंट हंट अभियान चलाया जाएगा। प्रतिभाशाली बच्चों का चयन कर उन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

उन्होंने कहा कि युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने के लिए संसाधनों को जोड़कर व्यापक नेटवर्क तैयार किया जाएगा। आने वाले एक वर्ष में प्रदेश के एक करोड़ युवाओं को एआई स्किल की ट्रेनिंग देने का लक्ष्य रखा गया है।

नशामुक्त भारत के लिए 100 सप्ताह का अभियान चलाया जाएगा। इसमें आध्यात्मिक संगठनों, स्वयंसेवकों एवं समाजसेवियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही आधुनिक आपदाओं एवं संकटों से नागरिकों की सुरक्षा के लिए सिविल डिफेंस का मजबूत स्वयंसेवी नेटवर्क तैयार किया जाएगा।

ग्रीन एनर्जी उत्पादन 50 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वतंत्रता दिवस संबोधन में मैन्युफैक्चरिंग, कृषि एवं खाद्य उत्पादन, टेक्नोलॉजी एवं इनोवेशन, गतिशक्ति, रक्षा, ग्रीन एवं ब्लू इकोनॉमी तथा आध्यात्म, योग, आयुर्वेद, संस्कृति और डिजिटल इकोनॉमी जैसे क्षेत्रों को विकास के महत्वपूर्ण आधार के रूप में रेखांकित किया गया है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में वर्तमान में लगभग 30 प्रतिशत ग्रीन एनर्जी उत्पादन हो रहा है, जिसे बढ़ाकर 50 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि देश में तीन करोड़ नई ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य मातृशक्ति के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देगा।

21 अगस्त को टीकमगढ़ जाएंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने ‘जन विश्वास अभियान’ के तहत जारी गतिविधियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस अभियान से जमीनी समस्याओं की जानकारी मिलने के साथ उनके समाधान का मार्ग भी प्रशस्त हो रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तीसरे चरण के तहत 21 अगस्त को टीकमगढ़ जिले का भ्रमण प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को भी जन विश्वास अभियान के अंतर्गत नियमित रूप से मैदानी क्षेत्रों का भ्रमण करने के निर्देश दिए।

धन-धान्य कृषि योजना में डिंडौरी देश में प्रथम

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कृषि विभाग एवं डिंडौरी जिले की पूरी टीम को बधाई देते हुए अन्य जिलों से भी डिंडौरी मॉडल का अनुसरण कर योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

औद्योगिक क्लस्टर के प्रस्ताव में मध्यप्रदेश दूसरे स्थान पर

मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 अगस्त को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण एवं केंद्रीय उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल के साथ ‘भव्य’ योजना को लेकर बैठक हुई। करीब 33,660 करोड़ रुपये की इस योजना के माध्यम से देश में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए 100 औद्योगिक क्लस्टर विकसित करने की योजना है। प्रथम चरण में 20 क्लस्टर विकसित किए जाएंगे।

मध्यप्रदेश सरकार ने 11 औद्योगिक क्लस्टर के विकास के लिए भूमि उपलब्ध कराते हुए प्रस्ताव प्रस्तुत किए हैं। सर्वाधिक प्रस्ताव भेजने के मामले में मध्यप्रदेश देश में दूसरे स्थान पर रहा।

धार के पीएम मित्र पार्क की प्रगति की सराहना

मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक में धार जिले में विकसित किए जा रहे देश के पहले मेगा पीएम मित्र पार्क की प्रगति की सराहना की गई। देश में प्रस्तावित सात पीएम मित्र पार्कों में पहला पार्क मध्यप्रदेश को मिला है। इसके भूमि-पूजन के साथ ही सभी भूखंडों का आवंटन हो गया था।

उन्होंने बताया कि उज्जैन की विक्रम उद्योगपुरी में भी प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जा रही हैं। यहां कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल सहित आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं और हॉस्टल का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। प्रदेश में एक्सप्रेस-वे आधारित औद्योगिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उज्जैन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का सफल प्रबंधन

मुख्यमंत्री ने नागपंचमी के अवसर पर उज्जैन में अनुमान से कई गुना अधिक संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के प्रबंधन के लिए पुलिस एवं प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भस्म आरती, महाकाल की सवारी और नागपंचमी जैसे महत्वपूर्ण अवसर एक साथ होने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ व्यवस्था संभाली।

उन्होंने इसे सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण अभ्यास बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से भविष्य में और बेहतर एवं प्रभावी व्यवस्थाएं करने का अनुभव प्राप्त होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकाल मंदिर में प्रसाद के रूप में दिए जा रहे रागी के लड्डुओं की लोकप्रियता को देखते हुए प्रदेश के अन्य धार्मिक स्थलों पर भी स्थानीय एवं पौष्टिक उत्पादों को प्रसाद के रूप में शामिल करने के लिए नवाचार किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default