नगर गौरव दिवस पर छिंदवाड़ा में उत्साह का माहौल3 सितंबर को निकलेगी भव्य मैराथन दौड़, 5 सितंबर को इंडियन आइडल फेम रूपम भरनारिया सजाएंगी संगीतमय शाम

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
नगर गौरव दिवस पर छिंदवाड़ा में उत्साह का माहौल
3 सितंबर को निकलेगी भव्य मैराथन दौड़, 5 सितंबर को इंडियन आइडल फेम रूपम भरनारिया सजाएंगी संगीतमय शाम

छिंदवाड़ा। नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा द्वारा शहर के स्थापना दिवस ‘नगर गौरव दिवस’ को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए विभिन्न खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में 3 सितंबर को स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश देने के लिए भव्य मैराथन दौड़ आयोजित होगी, जबकि 5 सितंबर की शाम शहरवासियों के लिए संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

नगर निगम महापौर विक्रम अहके ने बताया कि नगर गौरव दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार, 5 सितंबर 2026 की शाम श्यामा प्रसाद मुखर्जी मैदान, कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने, भव्य संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण लोकप्रिय टीवी शो ‘इंडियन आइडल’ से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली गायिका रूपम भरनारिया रहेंगी। वे अपनी सुरीली आवाज और शानदार प्रस्तुतियों से शहरवासियों का मनोरंजन करेंगी। संगीतमय शाम में रोमांटिक, सूफी, फिल्मी एवं लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

महापौर विक्रम अहके ने छिंदवाड़ा के नागरिकों एवं संगीत प्रेमियों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि नगरवासियों की सहभागिता से नगर गौरव दिवस का उत्सव और अधिक भव्य एवं यादगार बनेगा।

3 सितंबर को सुबह 7:30 बजे से मैराथन

नगर गौरव दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत गुरुवार, 3 सितंबर को सुबह 7:30 बजे भव्य मैराथन दौड़ के साथ होगी। नगर निगम प्रशासन ने शहर के युवाओं, खिलाड़ियों, छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में मैराथन में शामिल होने का आह्वान किया है।

मैराथन के माध्यम से स्वास्थ्य, फिटनेस और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। नगर निगम ने नागरिकों से उत्साहपूर्वक सहभागिता कर नगर गौरव दिवस के आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default