राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में 33 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानितराष्ट्र निर्माण की पीढ़ी तैयार करते हैं शिक्षक : राज्यपाल पटेलजरूरतमंद वरिष्ठ शिक्षकों के लिए ऑफलाइन टीईटी परीक्षा के प्रयास होंगे : मुख्यमंत्री यादव

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में 33 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित
राष्ट्र निर्माण की पीढ़ी तैयार करते हैं शिक्षक : राज्यपाल पटेल
जरूरतमंद वरिष्ठ शिक्षकों के लिए ऑफलाइन टीईटी परीक्षा के प्रयास होंगे : मुख्यमंत्री यादव

भोपाल/छिंदवाड़ा। शिक्षक दिवस के अवसर पर आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026 आयोजित किया गया। समारोह में राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के उत्कृष्ट शिक्षकों तथा राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान प्राप्त शिक्षकों को सम्मानित किया।

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की भावी पीढ़ी तैयार करते हैं। माता-पिता बच्चों को जन्म देकर प्रारंभिक संस्कार देते हैं, लेकिन शिक्षक उनके व्यक्तित्व को ज्ञान, संस्कार और सही दिशा प्रदान कर आदर्श नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की क्षमता, जिज्ञासा और अपेक्षाओं को समझते हुए आत्मीयता एवं सहनशीलता के साथ शिक्षण कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा को निरंतर अपडेशन, अपग्रेडेशन और इनोवेशन की आवश्यकता है। भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुसार शिक्षा और कौशल के अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए। शिक्षक अब केवल पाठ पढ़ाने तक सीमित न रहें, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक बनें।

जरूरतमंद वरिष्ठ शिक्षकों के लिए ऑफलाइन टीईटी के प्रयास

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गुरु-शिष्य परंपरा भारतीय संस्कृति की अनुपम धरोहर है। उन्होंने कहा कि जहां गुरूर समाप्त होता है और गुण शुरू होता है, वहीं गुरु की दृष्टि पैदा होती है। गुरु की दृष्टि से ही शिक्षित समाज का निर्माण होता है। शिक्षक स्वयं कठिन परिस्थितियों में रहकर विद्यार्थियों के जीवन को ज्ञान से प्रकाशित करते हैं।

मुख्यमंत्री ने शिक्षक सम्मान समारोह में घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश के जिन वरिष्ठ शिक्षकों को टीईटी परीक्षा देना आवश्यक है और जिन्हें इसकी जरूरत है, उनके लिए ऑफलाइन टीईटी परीक्षा आयोजित कराने के प्रयास एवं आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की किस्मत कक्षाओं में शिक्षक तैयार करते हैं। विद्यार्थियों की सफलता के पीछे शिक्षकों का मार्गदर्शन और परिश्रम महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार शिक्षकों की मेहनत का सम्मान करती है और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध है।

33 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित

समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों के 33 उत्कृष्ट शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं 25 हजार रुपये की नगद सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें छिंदवाड़ा जिले से श्री अरुण कुमार भादे भी शामिल रहे।

सम्मानित शिक्षकों में शिवलाल दांगी (सुसनेर), धन्नालाल बिसेन (बालाघाट), रीतेश कुमार पथाड़े (बैतूल), सुखनंदन साहू (दमोह), नरेंद्र कुमार भारद्वाज (गुना), ओम प्रकाश विश्वकर्मा (नर्मदापुरम), महेंद्र सिंह ठाकुर (कटनी), राकेश कुमार गुप्ता (मंदसौर), शिखा शर्मा (नरसिंहपुर), लोकेंद्र सिंह पंवार (नीमच), ज्योति पाठक (निवाड़ी), राकेश कुमार वर्मा (रायसेन), सुरेश चंद्र सोनी (राजगढ़), शर्मिला उपाध्याय (रतलाम), रीनादेवी कटरे (सिवनी), हेमंत कुमार वैद्य (शाजापुर), राकेश द्विवेदी (सीधी), सीमा परमार (उज्जैन), पूनम मिश्रा (बालाघाट), बिहारीलाल प्रजापति (छतरपुर), अरुण कुमार भादे (छिंदवाड़ा), बलराम अहिरवार (दमोह), मुकेश कुमार शर्मा (गुना), अरुण कुमार मित्तल (इंदौर), मुकेश प्रजापति (मंदसौर), मनीष तिवारी (नरसिंहपुर), अजय कुमार मिश्रा, मुकेश नागर (राजगढ़), राजेश महेश्वरी (रतलाम), मोहित कुमार गर्ग (सतना), पूजा पांडे (सिवनी), सतीश पांडे (सीधी), श्वेता तिवारी (उज्जैन), अजिता, तथा राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान प्राप्त श्रीमती शीला पटेल एवं श्री भैरूलाल ओसारा शामिल रहे।

समारोह में जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, नगर निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी, आयुक्त लोक शिक्षण श्री अभिषेक सिंह सहित स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी, सम्मानित शिक्षक एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default