Top News

मध्यप्रदेश में स्थापित होगी सीमेंस एनर्जी इंडिया की बड़ी पावर ट्रांसफार्मर निर्माण इकाईमुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीमेंस एनर्जी इंडिया को सौंपा 60.49 एकड़ भूमि का आशय पत्रकंपनी का 2,053 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव, 1,500 से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार

मध्यप्रदेश में स्थापित होगी सीमेंस एनर्जी इंडिया की बड़ी पावर ट्रांसफार्मर निर्माण इकाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीमेंस एनर्जी इंडिया को सौंपा 60.49 एकड़ भूमि का आशय पत्र

कंपनी का 2,053 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव, 1,500 से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार


भोपाल/छिन्दवाड़ा। मध्यप्रदेश को ऊर्जा उपकरण विनिर्माण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में सीमेंस एनर्जी इंडिया लिमिटेड को उज्जैन स्थित विक्रम उद्योगपुरी फेज-2 में 60.49 एकड़ भूमि का आशय पत्र (लेटर ऑफ इंटेंट) प्रदान किया। कंपनी द्वारा यहां बड़ी क्षमता के पावर ट्रांसफार्मरों के निर्माण के लिए लगभग 2,053 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया गया है। प्रस्तावित इकाई से 1,500 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीमेंस एनर्जी इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री गुइल्हर्मे मेंडोंका, मुख्य वित्तीय अधिकारी श्री हरीश शेखर तथा हेड-रियल एस्टेट श्री पुनीत बंसल को भूमि का आशय पत्र सौंपा। इस अवसर पर मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध संचालक श्री चंद्रमौली शुक्ला भी उपस्थित रहे।

निवेश के लिए अनुकूल वातावरण बना रहा मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश उद्योगों के लिए अनुकूल नीतियों, बेहतर कनेक्टिविटी, उपलब्ध भूमि बैंक, विश्वस्तरीय औद्योगिक अधोसंरचना और निवेशक अनुकूल वातावरण के कारण देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में तेजी से उभर रहा है। राज्य सरकार औद्योगिक निवेश के त्वरित क्रियान्वयन और रोजगार सृजन के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि सीमेंस एनर्जी इंडिया की प्रस्तावित परियोजना मध्यप्रदेश को ऊर्जा उपकरण एवं विद्युत अवसंरचना विनिर्माण के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्रदेश में उन्नत विनिर्माण, औद्योगिक विकास एवं कुशल रोजगार के अवसरों को नई गति मिलेगी।

पावर ट्रांसफार्मरों का होगा निर्माण

सीमेंस एनर्जी इंडिया ऊर्जा उत्पादन, ऊर्जा संचरण, औद्योगिक विद्युतीकरण, ऊर्जा भंडारण एवं डीकार्बोनाइजेशन समाधानों के क्षेत्र में कार्यरत प्रमुख कंपनी है। प्रस्तावित इकाई में बड़ी क्षमता के पावर ट्रांसफार्मरों का निर्माण किया जाएगा। ये ट्रांसफार्मर देश की बढ़ती विद्युत अवसंरचना आवश्यकताओं, ट्रांसमिशन नेटवर्क के विस्तार तथा ऊर्जा क्षेत्र के आधुनिकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उज्जैन और आसपास के क्षेत्र को मिलेगा लाभ

परियोजना के क्रियान्वयन से विक्रम उद्योगपुरी फेज-2 में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में सहायक उद्योगों, लॉजिस्टिक्स एवं सेवा क्षेत्र में रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर विकसित होंगे।

कंपनी का प्रस्तावित निवेश प्रदेश के औद्योगिक विकास के साथ आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य और देश की ऊर्जा अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Post a Comment

और नया पुराने