Top News

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने ली समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठकमुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, खाद्य सुरक्षा, आंगनबाड़ी व्यवस्थाओं, मलेरिया नियंत्रण एवं नरवाई प्रबंधन की हुई विस्तृत समीक्षा

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने ली समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, खाद्य सुरक्षा, आंगनबाड़ी व्यवस्थाओं, मलेरिया नियंत्रण एवं नरवाई प्रबंधन की हुई विस्तृत समीक्षा

छिन्दवाड़ा। कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं शासन की प्राथमिकता वाले विषयों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आमजन की समस्याओं का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, खाद्य सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी, आबकारी तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि जिले के सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें

खाद्य सुरक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले के होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमित औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, रसोई व्यवस्था, खाद्य सुरक्षा मानकों एवं लाइसेंस संबंधी प्रावधानों का परीक्षण किया जाए। कमियां पाए जाने पर संचालकों को बिंदुवार नोटिस जारी कर निर्धारित समय-सीमा में सुधार सुनिश्चित कराया जाए।

18 सितंबर को ग्राम तराई में आयोजित होगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने बताया कि आगामी 18 सितंबर को विकासखंड जुन्नारदेव के ग्राम तराई में जनसमस्या निवारण शिविर एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि शिविर केवल औपचारिक आयोजन न होकर आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बने। इसके लिए सभी विभाग पूर्व तैयारी के साथ उपस्थित हों। उन्होंने शिविर हेतु चयनित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों एवं लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

50 आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण कर प्रस्तुत करेंगे प्रतिवेदन

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को शहर के 50 आंगनबाड़ी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण में भवन, पोषण आहार वितरण, बच्चों की उपस्थिति, साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया जाएगा। उन्होंने फोटोग्राफ सहित विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा, ताकि केन्द्रों की जमीनी स्थिति का मूल्यांकन किया जा सके।

पीएमएफएमई योजना की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश

प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) की समीक्षा के दौरान अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने उप संचालक उद्यानिकी को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही योजना के प्रचार-प्रसार एवं लक्ष्य पूर्ति के लिए विशेष प्रयास करने को कहा।

अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने के निर्देश

कलेक्टर ने आबकारी विभाग को जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। त्योहारों एवं विशेष अवसरों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

मलेरिया प्रभावित छात्रावासों के अधीक्षकों को जारी होंगे कारण बताओ नोटिस

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान हर्रई एवं तामिया विकासखंड के कुछ आदिवासी छात्रावासों में विद्यार्थियों के मलेरिया संक्रमित पाए जाने की जानकारी दी गई। इस पर कलेक्टर ने चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित छात्रावास अधीक्षकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

सुआम गांव में बालिका की मृत्यु के मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश

बैठक में ग्राम सुआम में निर्माण कार्य के दौरान खुले पड़े गड्ढे में गिरने से दो वर्षीय बालिका की मृत्यु की घटना की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने मामले में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित उपयंत्री को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम सुआम से दोबरीढाना मार्ग पर संचालित निर्माण कार्य के ठेकेदार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

नरवाई जलाने वालों पर होगी नियमानुसार कार्रवाई

उप संचालक कृषि द्वारा खरीफ वर्ष 2026 में फसल कटाई के उपरांत नरवाई प्रबंधन की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। कलेक्टर ने नरवाई जलाने की घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी रखने तथा किसानों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नरवाई जलाने के प्रकरण सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि नरवाई प्रबंधन एवं उससे संबंधित कार्रवाई की समीक्षा और मॉनिटरिंग वे स्वयं करेंगे।

सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करें

बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं अन्य लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित राहत एवं समाधान उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।

Post a Comment

और नया पुराने