सेवा संकल्प अभियान के सफल संचालन हेतु जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की बैठक आयोजित
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, जिले में होंगी विभिन्न गतिविधियां
छिन्दवाड़ा। शासन के निर्देशानुसार जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियों, विभागीय दायित्वों एवं कार्यक्रमों के सुचारू संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह, श्री शेषराव यादव, पूर्व विधायक चौरई पं. रमेश दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बढ़ेगी जनभागीदारी
बैठक में बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान आशीर्वाद का दीया, रक्तदान शिविर, मेरे सपनों का भारत-चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, नमो सेवा (अनकही कहानियां), आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प, वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार, सुशासन सेवा संवाद तथा 25 साल-25 कहानियां (नेशनल अनबॉक्सिंग) सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी को बढ़ावा देने, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।
जनप्रतिनिधियों ने दिए सुझाव
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अभियान को प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के संबंध में अपने सुझाव दिए। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।
समयबद्ध एवं व्यवस्थित संचालन के निर्देश
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों का समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा शासन की मंशानुरूप सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

एक टिप्पणी भेजें