सच की आंखे छिंदवाड़ा। कुंडीपुरा थाना क्षेत्र के पातालेश्वर में घरेलू विवाद के दौरान एक गर्भवती महिला के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 8 माह की गर्भवती महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। चिकित्सकों के अनुसार महिला के लिवर में गंभीर चोट पहुंची थी। महिला के साथ उसके गर्भस्थ शिशु की भी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को राउंडअप कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रेम विवाह के बाद शुरू हुए विवाद
कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत के अनुसार मृतका मूल रूप से सिवनी की रहने वाली थी। करीब 11 वर्ष पहले उसका निहाल कोरिसिया से प्रेम संबंध शुरू हुआ था। दोनों ने करीब एक वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। परिजनों के मुताबिक शादी के कुछ माह बाद से ही पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होने लगे थे।
मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से उनकी बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जाता था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। परिजनों का आरोप है कि घरेलू विवाद के दौरान गर्भवती महिला के साथ इतनी गंभीर मारपीट की गई कि उसके शरीर में अंदरूनी चोटें आईं और लिवर फट गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को राउंडअप कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों, मारपीट की परिस्थितियों और मायके पक्ष द्वारा लगाए गए दहेज प्रताड़ना के आरोपों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
