4 सितंबर को सीहोर में पहले पावर ट्रांसफॉर्मर का रोल-आउट करेंगे मुख्यमंत्री डॉ. यादवदेश की सबसे बड़ी पावर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण सुविधा में 1200 केवी तक के ट्रांसफॉर्मर बनेंगेसीहोर में 2000 से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर होंगे सृजित

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
4 सितंबर को सीहोर में पहले पावर ट्रांसफॉर्मर का रोल-आउट करेंगे मुख्यमंत्री डॉ. यादव

देश की सबसे बड़ी पावर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण सुविधा में 1200 केवी तक के ट्रांसफॉर्मर बनेंगे

सीहोर में 2000 से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर होंगे सृजित

भोपाल/छिंदवाड़ा । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 4 सितंबर को सीहोर में सीजी (क्रॉम्पटन एंड ग्रीव्स) पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड की नई पावर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण इकाई के पहले ट्रांसफॉर्मर का रोल-आउट करेंगे। करीब 50 एकड़ क्षेत्र में स्थापित यह इकाई एक ही स्थान पर स्थित देश की सबसे बड़ी पावर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण सुविधाओं में से एक है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अगस्त 2025 में इस संयंत्र का भूमिपूजन किया था और लगभग 13 से 14 माह में यहां उत्पादन प्रारंभ हो गया है।

सीहोर में स्थापित आधुनिक विनिर्माण इकाई देश में बढ़ती विद्युत जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यहां 220 केवी से लेकर 1200 केवी क्षमता तक के पावर ट्रांसफॉर्मर तैयार किए जाएंगे। इकाई की उत्पादन क्षमता प्रतिमाह 35 पावर ट्रांसफॉर्मर तैयार करने की होगी। उच्च क्षमता वाली इस सुविधा से देश में हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन उपकरणों के निर्माण को मजबूती मिलेगी।

देश के साथ वैश्विक बाजार तक पहुंचेंगे ट्रांसफॉर्मर

सीहोर में निर्मित उच्च क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर देश के विभिन्न हिस्सों के साथ वैश्विक बाजारों में भी भेजे जाएंगे। इनका उपयोग विद्युत क्षेत्र के अलावा डेटा सेंटर, रेलवे, नवकरणीय ऊर्जा, तेल एवं गैस तथा ट्रांसमिशन अधोसंरचना से जुड़ी परियोजनाओं में किया जाएगा।

2000 से अधिक रोजगार के अवसर

मध्यप्रदेश में बड़े औद्योगिक निवेश को तेजी से धरातल पर उतारने की दिशा में यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सीजी की इस नई इकाई से सीहोर में 2000 से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के साथ उद्योग से जुड़े अन्य कारोबार और सेवाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।

सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड विद्युत इंजीनियरिंग के क्षेत्र में करीब नौ दशकों से कार्यरत है। कंपनी पावर ट्रांसफॉर्मर, स्विचगियर, इंडक्शन मोटर्स, ड्राइव्स, ट्रैक्शन मोटर्स सहित विभिन्न विद्युत उपकरणों का निर्माण करती है। सीहोर की नई इकाई कंपनी की पावर ट्रांसफॉर्मर निर्माण क्षमता का बड़े स्तर पर विस्तार करेगी।

उच्च क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर के निर्माण से देश की बढ़ती विद्युत जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। वहीं, इनके निर्यात से सीहोर और मध्यप्रदेश की औद्योगिक पहचान को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default