कक्षा 10वीं के बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए 1,977 शिक्षकों को दिया प्रशिक्षण
छह विषयों के प्रशिक्षण में शिक्षकों को अध्यापन और परीक्षा तैयारी की दी गई जानकारी
सच की आंखें न्यूज़ | छिंदवाड़ा।
कक्षा 10वीं की वार्षिक बोर्ड परीक्षा के परिणाम में गुणात्मक सुधार एवं उत्कृष्ट उपलब्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में विषयवार शिक्षक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार अगस्त 2026 से प्रतिमाह आयोजित किए जा रहे एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों की श्रृंखला में अक्टूबर माह का प्रशिक्षण 28 से 31 अक्टूबर तक जिला शिक्षा अधिकारी जे.के. इड़पाचे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण का आयोजन शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा में विज्ञान, गणित एवं सामाजिक विज्ञान विषयों के लिए किया गया। वहीं पीएम श्री शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिंदवाड़ा में अंग्रेजी, हिंदी एवं संस्कृत विषयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशिक्षण दिया गया।
चार दिवसीय प्रशिक्षण में कुल 1,977 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता की। विषयवार उपस्थिति में विज्ञान के 330, गणित के 332, सामाजिक विज्ञान के 320, अंग्रेजी के 344, हिंदी के 330 एवं संस्कृत के 321 शिक्षक शामिल रहे।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विषयवार अध्यापन को प्रभावी बनाना, निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूरा करना, बोर्ड परीक्षा की बेहतर तैयारी कराना, महत्वपूर्ण प्रश्नों एवं उत्तर लेखन का अभ्यास तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक रणनीति तैयार करना रहा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों की विषयगत समझ विकसित करने और बोर्ड परीक्षा परिणाम में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी जे.के. इड़पाचे ने शिक्षकों से प्रशिक्षण में प्राप्त शिक्षण तकनीकों को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने तथा प्रत्येक विद्यार्थी के बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए विशेष प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रशिक्षण में अनुपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने तथा संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार एक दिवस का वेतन काटने की कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी।
इस अवसर पर एडीपीसी राजीव साठे, जिला व्यावसायिक समन्वयक डॉ. साबिर फारूकी एवं सहायक परियोजना अधिकारी भानु गुमास्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें