ओबीसी समाज की समीक्षा बैठक 30 अक्टूबर को छिंदवाड़ा में, आगामी आंदोलन की बनेगी रणनीति
हक-अधिकारों की लड़ाई को लेकर सर्वजातीय संगठनों की एकजुटता पर जोर, मातृशक्ति और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की भी तैयारी
सच की आंखें न्यूज़ | छिंदवाड़ा। ओबीसी समाज के हक, अधिकार और संवैधानिक मुद्दों को लेकर 27 अक्टूबर को आयोजित महा-आह्वान में शामिल सर्वजातीय संगठनों के मार्गदर्शकों, संरक्षकों एवं सहयोगियों की समीक्षा बैठक 30 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। बैठक में आगामी कार्ययोजना तैयार करने, संगठन को मजबूत बनाने तथा छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले में आगे की गतिविधियों की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी।
बैठक शाम 5 से 6 बजे तक परासिया रोड स्थित लोधी भवन के पास, विवांता हॉस्पिटल के आगे एलआईसी कार्यालय के सामने वाली गली में आयोजित होगी। आयोजकों ने सभी सहयोगी संगठनों के पदाधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से शामिल होने की अपील की है।
आयोजकों के अनुसार, ओबीसी समाज के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी ढंग से आगे बढ़ने के लिए एकता, अनुशासन और आपसी समन्वय आवश्यक है। बैठक में संगठन की कोर कमेटी, विधिक रणनीति, आगामी आंदोलन की तैयारी और सामाजिक भागीदारी जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही संगठन में मातृशक्ति और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।
आयोजकों ने कहा कि ओबीसी समाज के बच्चों के भविष्य, आरक्षण और संवैधानिक अधिकारों से जुड़े विषयों पर संगठित होकर लोकतांत्रिक एवं विधिक तरीके से प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने 13 प्रतिशत होल्ड पदों से जुड़े अभ्यर्थियों के मुद्दे सहित विभिन्न लंबित विषयों को भी प्रमुखता से उठाने की बात कही।
आयोजकों ने महा-आह्वान में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी सामाजिक संगठनों और साथियों का आभार जताते हुए समीक्षा बैठक में सहभागिता की अपील की है।
संपर्क: 9827431008, 7987828116
निवेदक: सर्वजातीय ओबीसी संगठनों के सहयोगी एवं जिम्मेदार साथी, जिला छिंदवाड़ा-पांढुर्णा।

एक टिप्पणी भेजें