मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व, समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश
छिंदवाड़ा । मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के संबंध में जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने जिला अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने समारोह को गरिमामय एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में आयोजित की गई। इसमें पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय समारोह के लिए प्रभारी सीईओ जिला पंचायत एवं एडीएम धीरेन्द्र सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। समारोह का आयोजन पूर्व की भांति जिला मुख्यालय स्थित पुलिस ग्राउंड, छिंदवाड़ा में किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल की साज-सज्जा, ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान, बैठक और पेयजल व्यवस्था, माइक एवं मंच संचालन, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, अतिथियों को आमंत्रित करने तथा सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।
इसके साथ ही जिले की गौरव गाथाओं के प्रदर्शन, जिला उत्पादों एवं उत्कृष्ट कार्यों से संबंधित प्रदर्शनी के आयोजन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने 1 नवंबर की रात्रि को जिला मुख्यालय स्थित प्रमुख शासकीय भवनों में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थापना दिवस समारोह में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों, समाजसेवियों, धर्मगुरुओं, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को आमंत्रित करने पर जोर दिया।
इसके अलावा शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों, शहीद सैनिकों के परिजनों तथा उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले स्व-सहायता समूहों एवं स्टार्टअप से जुड़े पदाधिकारियों को भी विशेष रूप से आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य स्थापना दिवस समारोह में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करना है।


एक टिप्पणी भेजें