नकली शराब से बचाव के लिए आबकारी विभाग ने जारी किए निर्देश
अनुज्ञप्तिधारियों और मैदानी अमले की बैठक में क्यूआर कोड से सत्यापन एवं जागरूकता पर जोर
सच की आंखें न्यूज़ | छिंदवाड़ा।
जिले में अवैध एवं नकली मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने तथा आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला आबकारी कार्यालय छिंदवाड़ा में बैठक आयोजित की गई। सहायक आबकारी आयुक्त बी.आर. वैद्य की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मदिरा दुकान अनुज्ञप्तिधारियों एवं विभागीय मैदानी अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले के समस्त मदिरा दुकान अनुज्ञप्तिधारी, मंडल एवं वृत्त प्रभारी, सहायक जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी उपनिरीक्षक तथा आबकारी आरक्षक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विभागीय निर्देशों की जानकारी देते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मदिरा की वास्तविकता एवं संदिग्ध अथवा नकली होने की पहचान के लिए निर्धारित क्यूआर कोड स्कैन कर सत्यापन करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही संदिग्ध मदिरा की बिक्री अथवा अवैध परिवहन की जानकारी तत्काल आबकारी विभाग को देने के निर्देश दिए गए।
आम नागरिकों को नकली एवं अवैध मदिरा के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए मदिरा दुकानों पर चेतावनी संबंधी सूचना पट्ट एवं जागरूकता संदेश प्रदर्शित करने को कहा गया। विभाग ने लोगों से केवल अधिकृत मदिरा दुकानों से ही मदिरा खरीदने तथा बोतल की सील, लेबल और निर्धारित क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध सत्यापन प्रक्रिया की जांच करने की अपील की।
विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान आम नागरिकों, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को नकली एवं अवैध मदिरा से बचाव के उपायों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं बिक्री की सूचनाओं पर तत्काल सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
आबकारी विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे संदिग्ध अथवा अवैध मदिरा के सेवन से बचें और ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी निकटतम आबकारी कार्यालय या विभागीय अधिकारियों को दें। विभाग के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान नियमानुसार गोपनीय रखी जाएगी।

.jpeg)
एक टिप्पणी भेजें