Top News

पीजी कॉलेज में मनाया मध्यप्रदेश स्थापना दिवस, विद्यार्थियों को दिया सामाजिक नेतृत्व का संदेश

पीजी कॉलेज में मनाया मध्यप्रदेश स्थापना दिवस, विद्यार्थियों को दिया सामाजिक नेतृत्व का संदेश

जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक अखिलेश जैन ने प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और जनसेवा के महत्व पर किया मार्गदर्शन

छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला छिंदवाड़ा द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के अंतर्गत शासकीय पीजी कॉलेज छिंदवाड़ा में विशेष शैक्षणिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ स्थापना दिवस मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक अखिलेश जैन उपस्थित रहे। साथ ही परामर्शदाता विनोद तिवारी, श्यामल राव, लता नागले, तृप्ति सिंह एवं आशीष साहू ने विद्यार्थियों को अपने विचारों और अनुभवों के माध्यम से मार्गदर्शन प्रदान किया।

प्रदेश के इतिहास और जन अभियान परिषद की भूमिका पर डाला प्रकाश

जिला समन्वयक अखिलेश जैन ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की स्थापना, उद्देश्यों और कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं एवं सामाजिक चेतना पहुंचाने में परिषद की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सामाजिक नेतृत्व की जिम्मेदारी समझाते हुए समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने मध्यप्रदेश के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा, महापुरुषों के योगदान और प्रदेश की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से प्रदेश की उपलब्धियों पर गर्व करने तथा विकास कार्यों में सहभागी बनने का आह्वान किया।

परामर्शदाता विनोद तिवारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में जन अभियान परिषद के माध्यम से संचालित सामाजिक गतिविधियों, जनभागीदारी, ग्राम विकास और सामुदायिक नेतृत्व के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से ग्रामीण समाज की वास्तविक आवश्यकताओं को समझकर विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

वहीं, श्यामल राव ने सामाजिक क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका और महिला सशक्तिकरण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने सामाजिक विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक नेतृत्व, महिला सशक्तिकरण, कुपोषण, नशामुक्ति, स्वच्छता, ऊर्जा संरक्षण और ग्रामीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए युवाओं की भूमिका और जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम का सुव्यवस्थित संचालन परामर्शदाता लता नागले ने किया, जबकि समूह चर्चा एवं प्रस्तुतीकरण का संचालन तृप्ति सिंह ने किया। अंत में आशीष साहू ने अतिथियों, प्रतिनिधियों एवं उपस्थित विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सच की आंखें न्यूज़ | छिंदवाड़ा

Post a Comment

और नया पुराने