स्थापना दिवस कृषि प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री ने देखीं आधुनिक कृषि तकनीकें
जैन इरिगेशन के स्टॉल पर ड्रिप इरिगेशन, ऑटोमेशन और टिश्यू कल्चर पौधों का किया अवलोकन
लहसुन कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग की सराहना, किसानों की आय बढ़ाने में आधुनिक तकनीकों को बताया उपयोगी
भोपाल/छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर भोपाल में आयोजित तीन दिवसीय उद्यानिकी एवं कृषि प्रदर्शनी में जैन इरिगेशन सिस्टम्स लिमिटेड द्वारा आधुनिक कृषि एवं उद्यानिकी तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी में पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कंपनी के स्टॉल का अवलोकन कर कृषि क्षेत्र में उपयोग की जा रही नवीन तकनीकों और उत्पादों की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्टॉल पर प्रदर्शित ऑटोमेशन सिस्टम, ड्रिप इरिगेशन तकनीक, पीवीसी उत्पाद, हाईटेक टिश्यू कल्चर पौधों तथा विभिन्न बागवानी फसलों की उन्नत पौध सामग्री का अवलोकन किया।
कंपनी के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को विशेष रूप से लहसुन की कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग, टिश्यू कल्चर केले, आम एवं मौसंबी की उन्नत पौध सामग्री तथा हरदा-नर्मदापुरम क्षेत्र में बागवानी के विस्तार के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लहसुन कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने में सहायक हो सकती है।
इस अवसर पर कंपनी के स्टेट हेड वी.वी. डांगरिकर ने अतिथियों को मध्यप्रदेश में कंपनी द्वारा कृषि एवं उद्यानिकी विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में पंकज जायसवाल, एग्रोनॉमिस्ट अजहर जैदी, इंजीनियर प्रांजु सूर्यवंशी एवं शुभम गोयल का विशेष योगदान रहा।
सच की आंखें न्यूज़ | मध्य प्रदेश

एक टिप्पणी भेजें