![]() |
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एन.के.शास्त्री द्वारा आज प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पिण्डरईकला और उप स्वास्थ्य केन्द्र बोरिया का औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान हाजिरी रजिस्टर चेक करने पर कई अधिकारी व कर्मचारियों के अनुपस्थित पाये जाने पर सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है तथा संतोषजनक जवाब नहीं पाये जाने पर संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों का अनुपस्थिति दिवस का वेतन काटा जायेगा।
जिला स्वास्थ्य मीडिया अधिकारी डॉ.प्रमोद वासनिक ने बताया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.शास्त्री के निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पिण्डरईकला में चिकित्सा अधिकारी बी.ई.ई., बी.पी.एम., एम.टी.एस., बी.सी.एम., विकासखण्ड लेखा प्रबंधक, फार्मासिस्ट, नेत्र सहायक, ए.एन.एम. लैब टेक्नीशियन, डी.ई.ओ. एन.एम.पी. व सफाईकर्मी तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र बोरिया में सी.एच.ओ. व ए.एन.एम. अनुपस्थित पाये गये। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.शास्त्री ने संस्था में उपस्थित पाये गये सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय आने, कार्यालयीन समय पर मुख्यालय में उपस्थित रहने और राष्ट्रीय कार्यकर्मों की शत-प्रतिशत उपलब्धि के लिये अपने कर्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने खण्ड चिकित्सा अधिकारी पिण्डरईकला को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर लोगों को बेहतर समुचित स्वास्थ्य सेवायें प्रदान करने के लिये निर्देशित करें। निरीक्षण के दौरान जिला स्वास्थ्य मीडिया अधिकारी डॉ.वासनिक भी उपस्थित थे।


