रायसेन जिले के स्व-सहायता महिला समूहों के लिये छिंदवाड़ा में मिलेट का प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन विषय पर 2 दिवसीय मिलेट प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न


अंतर्राष्ट्रीय मिलेट वर्ष 2023 के अंतर्गत उप संचालक कृषि श्री जितेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता और डीन उद्यानिकी महाविद्यालय डॉ.व्ही.के.पराड़कर व वरिष्ट वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ.सुरेन्द पन्नासे के मागदर्शन में रायसेन जिले की स्व-सहायता महिला समूहों का मिलेट का प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन विषय पर 25 व 26 जुलाई को 2 दिवसीय मिलेट प्रशिक्षण कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र छिंदवाड़ा में संपन्न हुआ । प्रशिक्षण कार्यक्रम में वैज्ञानिक खाद्य एवं पोषण विशेषज्ञ डॉ.डी.सी.श्रीवास्तव द्वारा मिलेट के प्रसंस्करण एवं रागी लड्डू, रागी मठरी, चकली आदि का प्रायोगिक प्रशिक्षण महिलाओं को दिया गया।
कार्यक्रम में उप संचालक कृषि श्री सिंह द्वारा महिलाओं के समूह से कोदो के व्यंजन के बारे में जानकारी ली गई और उनके कार्य की सराहना की गई। डॉ.पराड़कर ने मिलेट की विकसित किस्मों के बारे में जानकारी दी। जिले में श्री अन्न की फसलों के प्रचार के लिये कृषि विज्ञान केन्द्र में अधिकारियों व कृषि वैज्ञानिकों ने मिलेट के क्रॉप कैफेटेरिया का अवलोकन भी किया। समूह के अध्यक्ष श्रीमती सुनीता नादवंसी ने समूह के कार्यो के बारे में बताया कि उनका समूह कोदो का चांवल भोपाल में बेचता है । अब यहाँ से रागी के प्रोडक्ट सीख कर जा रहे हैं और इसे भी मार्केट में बेचेंगे। कार्यक्रम का संचालन डॉ.आर.के.झाड़े और धन्यवाद ज्ञापन श्रीमती रिया ठाकुर ने किया। कार्यक्रम में  डॉ.सरिता सिंग, सर्वश्री नितेश गुप्ता, एस.के.अलावा, डॉ.संत कुमार शर्मा, योगेश शर्मा और बीटीएम रायसेन की अहम भूमिका रही। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ