कन्हान बचाओ मंच की सक्रियता से सड़क निर्माण कंपनी ने खोला मार्ग
जुन्नारदेव। नगर में प्रवेश का प्रमुख मार्ग श्रीराम तिराहा से बीते चार माह पूर्व सड़क निर्माण कंपनी द्वारा बंद कर दिया गया था, जिसके कारण नागरिकों को वैकल्पिक मार्ग से आवागमन करना पड़ रहा था। इस वैकल्पिक मार्ग की खस्ताहाल स्थिति से क्षेत्रवासी लगातार परेशान थे और मार्ग को पुनः खोले जाने की मांग कर रहे थे।
क्षेत्र की जनता की आवाज़ को बुलंद करते हुए कन्हान बचाओ मंच ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर श्रीराम तिराहा से नगर प्रवेश मार्ग को शीघ्र बहाल करने की मांग रखी थी। इसके पश्चात सड़क निर्माण कंपनी ने नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उक्त मार्ग को यातायात हेतु पुनः खोल दिया है।
मार्ग खुलने की जानकारी मिलते ही नागरिकों में हर्ष का माहौल है। लोगों ने कहा कि वैकल्पिक मार्ग से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब पुराने मार्ग के शुरू होने से नगर का आवागमन सुगम और सुरक्षित हो गया है।

