अंधे हत्याकांड का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, पत्थर से वार कर की थी हत्या


सच की आंखें छिंदवाड़ा (चौरई), 04 मई 2026।
चौरई पुलिस ने एक सनसनीखेज अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए महज कुछ दिनों में घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को सूचना मिली थी कि सीतापार के आगे मोरखा रोड किनारे एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मृत पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का निरीक्षण किया, जिसकी पहचान अखिलेश उर्फ हनुमान शर्मा निवासी ग्राम गुरैया, थाना चौरई के रूप में हुई। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया और अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्रीमती भारती जाट के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन सिंह मर्सकोले के मार्गदर्शन में दो अलग-अलग टीमें बनाकर साइबर सेल की मदद से जांच को आगे बढ़ाया गया।
जांच में हुआ खुलासा
जांच के दौरान पता चला कि घटना वाली रात मृतक अपने परिचित राहुल विश्वकर्मा और राजिक भाट के साथ सीतापार रोड स्थित शराब दुकान के पास मिला था। शराब न मिलने के कारण तीनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद वे मोटरसाइकिल से कच्ची शराब पीने के लिए आगे बढ़े, लेकिन रास्ते में विवाद फिर बढ़ गया। इसी दौरान आरोपियों ने मोटरसाइकिल रोककर मृतक से मारपीट की। राहुल विश्वकर्मा ने मृतक को पकड़ा, जबकि राजिक भाट ने पास पड़े पत्थर से उसके सिर, चेहरे और पैरों पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (क्रमांक MP28JR4083) तथा घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त कर लिए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
राहुल विश्वकर्मा (22 वर्ष), निवासी लक्खा पिपरिया, थाना चौरई
राजिक भाट (24 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 10, चौरई
दोनों आरोपियों को न्यायालय चौरई में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस पूरे मामले में निरीक्षक मोहन सिंह मर्सकोले, प्रधान आरक्षक गोपाल साहू, आरक्षक राजकिशोर बघेल, राजपाल बघेल, कन्हैया सनोडिया, रोहित ठाकुर एवं साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ