सच की आंखें मोहखेड़:- ग्राम पंचायत हीरावाड़ी में पिछले तीन से चार महीनों से पेयजल संकट गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि नल-जल योजना के तहत महीने में केवल एक-दो बार ही पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे पूरे गांव के लोग परेशान हैं। सबसे अधिक समस्या वार्ड क्रमांक 5 के निवासियों को झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार कई बार नल आने पर भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता। पानी की कमी के कारण महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज के कुओं और निजी ट्यूबवेलों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे उन्हें रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरपंच, सचिव और वार्ड पंचों द्वारा समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि चार महीने से लगातार शिकायतों के बावजूद जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा तक नहीं लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि जब भी पंचायत प्रतिनिधियों से पानी की समस्या को लेकर बात की जाती है तो ट्यूबवेल मोटर में पानी कम होने का हवाला देकर जिम्मेदारी से बचने का प्रयास किया जाता है। लोगों का मानना है कि यदि पंचायत इच्छाशक्ति दिखाए तो टैंकर के माध्यम से अस्थायी रूप से पानी की व्यवस्था की जा सकती है, लेकिन अब तक ऐसा कोई कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि हीरावाड़ी में व्याप्त पेयजल संकट का जल्द से जल्द स्थायी समाधान किया जाए तथा प्रभावित वार्डों में तत्काल पानी की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
0 टिप्पणियाँ