सच की आंखें छिन्दवाड़ा/23 जून 2026/ कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली । बैठक में समय सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा के साथ ही सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, न्यायालयीन प्रकरणों, वरिष्ठ कार्यालयों एवं विभिन्न आयोगों के लंबित पत्रों की भी विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री नारायन ने विभिन्न अंतर्विभागीय एवं समसामयिक विषयों पर भी चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम परासिया श्री शुभम कुमार यादव, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, श्रीमती अंकिता त्रिपाठी व सुश्री कामनी ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल कुमार पटेल, श्री पुष्पेंद्र निगम व श्री आर.के.मेहरा सहित जिला प्रशासन व सभी विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। जिला मुख्यालय के अतिरिक्त अन्य एसडीएम और विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल थे।
कलेक्टर श्री नारायन ने बताया कि मध्यप्रदेश में भारत सरकार के 'ज्ञान भारतम् पांडुलिपि मिशन' के तहत राज्य भर में प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपियों की खोज और उनके डिजिटलीकरण का व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार जिले में उपलब्ध पांडु लिपियों की खोज और उनके डिजिटाइजेशन का कार्य पूरी जवाबदारी और गंभीरता से किया जाए। इसके लिए उन्होंने विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपे हैं।
जिला पेंशन कार्यालय से जुड़े समय सीमा के प्रकरण की समीक्षा में पाया गया कि प्रारंभिक जांच में जिला पेंशन कार्यालय में पदस्थ बाबू द्वारा पेंशन बैंक खाते में भेजने की एवज में पेंशनर से पैसे लेने की शिकायत झूठी और निराधार है। शिकायत में शिकायकर्ता के हस्ताक्षर भी नहीं हैं और संबंधित बाबू को वह कार्य आवंटित भी नहीं है। इस पर कलेक्टर श्री नारायन ने शिकायत कर्ता से सीधे बात कर उनके स्टेटमेंट लेने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि शहर में कुछ स्थानों पर प्राइवेट निर्माण कार्य की सामग्री सार्वजनिक सड़कों पर पड़ी दिखाई दे रही है। उन्होंने नगर निगम को अभियान चलाकर कंस्ट्रक्शन मटेरियल हटवाने और चालानी कार्यवाही के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री नारायन ने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों की जानकारी प्राप्त की और सभी की प्रगति पर पूरी नजर रखने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास को दिए, जिससे निर्माण कार्य समय सीमा में एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण हो सके।
कलेक्टर श्री नारायन ने महाप्रबंधक जिला केंद्रीय सहकारी बैंक को बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं में नवीन सदस्य बनाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। सीईओ जनपद पंचायत मोहखेड़ को ग्राम पंचायत सांवरी के सरपंच, सचिव के विरुद्ध हुई शिकायत की स्पष्ट एवं सूक्ष्मता से जांच कराने के लिए निर्देशित किया। सीएमएचओ को टेली मेडिसिन के प्रति लोगों को जागरूक करने और इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही डेंगू एवं चिकनगुनिया की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण के लिए अभी से गंभीरता से अभियान चलाने के निर्देश दिए, जिससे कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न ही न हो। कलेक्टर श्री नारायन ने परख ऐप में रजिस्टर्ड हुए अधिकारियों की भी जानकारी प्राप्त की और शासकीय संस्थाओं के औचक निरीक्षण के लिये रोस्टर अनुसार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण उपरांत सभी अधिकारी अपना प्रतिवेदन ऑनलाइन जियो टैगिंग के साथ परख ऐप पर दर्ज करेंगे। जिसकी प्रति सप्ताह समीक्षा की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ