छिन्दवाड़ा/डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए शहरी क्षेत्र छिंदवाड़ा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार विशेष गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अर्चना कैथवास के निर्देशन में गुरुवार को शहीद अमित ठेंगे वार्ड में स्वास्थ्य विभाग के तीन दलों द्वारा 185 घरों में एडीज मच्छर के लार्वा का सर्वे किया गया।
सर्वे के दौरान 14 घरों में एडीज मच्छर का लार्वा पाया गया, जिसका तत्काल नष्टीकरण किया गया। वहीं जिले के विकासखंड हर्रई के 10 ग्रामों में कीटनाशी छिड़काव का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। आगामी शुक्रवार को ग्राम देवरी एवं ग्राम खाला में कीटनाशी छिड़काव किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि डेंगू से बचाव के लिए घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा न होने दें। घरों में रखे कूलर, फ्रिज की ट्रे, पानी की टंकियां, टांके, टायर एवं अन्य जल पात्रों की प्रत्येक सप्ताह जांच करें, ताकि उनमें एडीज मच्छर का लार्वा पनपने न पाए। छोटे कंटेनरों को खाली कर उनकी नियमित सफाई करें तथा बड़े जल कंटेनरों को ढककर रखें।
स्वास्थ्य विभाग ने मच्छरों के काटने से बचाव के लिए पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने, बच्चों एवं वृद्धजनों को दिन में भी मच्छरदानी के अंदर सुलाने तथा मच्छररोधी उपाय अपनाने की सलाह दी है।
तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, शरीर पर चकत्ते, मांसपेशियों एवं जोड़ों में दर्द अथवा नाक और मसूड़ों से रक्तस्राव जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करने की अपील की गई है। डेंगू की जांच के लिए जिला चिकित्सालय एवं छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज में डेंगू एलिसा टेस्ट निःशुल्क कराया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि डेंगू के संचरण एवं प्रसार को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें तथा अपने घर और आसपास मच्छरों के पनपने वाले संभावित स्थानों को नष्ट कर स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में सहभागिता करें।
