पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, पीजी कॉलेज में व्यक्तित्व विकास, सॉफ्ट स्किल्स एवं टैली प्रशिक्षण का शुभारंभ

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, पीजी कॉलेज में व्यक्तित्व विकास, सॉफ्ट स्किल्स एवं टैली प्रशिक्षण का शुभारंभ
छिन्दवाड़ा/ प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिंदवाड़ा में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन सेल के अंतर्गत व्यक्तित्व विकास एवं सॉफ्ट स्किल्स तथा टैली के अल्पकालीन रोजगारोन्मुखी एवं स्वरोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री भारत घई, महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. अनिल जैन, जनभागीदारी समिति के सदस्य श्री तरुण सोनी एवं स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना के संभागीय नोडल अधिकारी डॉ. पी.एन. सनेसर सहित प्राध्यापकगण उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि एवं जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री भारत घई ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन और व्यक्तित्व विकास सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करने, नियमितता बनाए रखने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि संवाद कौशल, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यवहारिक दक्षताओं का विकास भी आवश्यक है।

महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. अनिल जैन ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक जीवन और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता कर इसका अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।

स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना के संभागीय नोडल अधिकारी डॉ. पी.एन. सनेसर ने प्रशिक्षण के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि विद्यार्थियों में व्यक्तित्व विकास, प्रभावी संचार कौशल, आत्मविश्वास, व्यवहारिक दक्षता एवं रोजगारपरक कौशलों का विकास आवश्यक है। इससे विद्यार्थी वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में रोजगार एवं करियर के बेहतर अवसरों के लिए स्वयं को तैयार कर सकेंगे।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. टीकमणि पटवारी द्वारा किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में ट्रेनर श्री दीपेंद्र सिंह शक्रवार, उन्नति फाउंडेशन के ट्रेनर श्री रघुवंशी, प्रोफेसर श्री महेंद्र साहू, डॉ. मनिता कौर, डॉ. अर्चना चतुर्वेदी सहित स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना के करियर मित्र श्री संकल्प विश्वकर्मा, श्री चंचलेश साहू, सुश्री भूमिका धुर्वे एवं श्री योगेश डहेरिया तथा प्रशिक्षणार्थी विद्यार्थी उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास, सॉफ्ट स्किल्स, प्रभावी संचार, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टैली जैसे रोजगारपरक कौशलों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default