कलेक्टर श्री नारायन की अध्यक्षता में पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-2 में विद्यालय प्रबंधन समिति की प्रथम बैठक सम्पन्न
छिन्दवाड़ा/ पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-2, छिन्दवाड़ा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति (वि.प्र.स.) की प्रथम बैठक गुरुवार को कलेक्टर एवं समिति अध्यक्ष श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुई।
बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति के सम्माननीय सदस्यों के साथ चेयरमैन नॉमिनी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अग्रिम कुमार भी उपस्थित थे। विद्यालय के प्राचार्य एवं समिति के अन्य सदस्यों ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।
बैठक के दौरान विद्यालय के शैक्षणिक विकास, विद्यार्थियों की सुविधाओं, आधारभूत आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा विद्यालय हित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं विद्यालय को अधिक सुदृढ़ और सुविधासम्पन्न बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर आवश्यक विषयों का अनुमोदन किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर एवं समिति अध्यक्ष श्री हरेंद्र नारायन ने वर्ष 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के टॉपर विद्यार्थियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए निरंतर परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्टता की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। टॉपर विद्यार्थियों का सम्मान अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बना।
विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में विद्यालय हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों तथा विद्यार्थियों की उपलब्धियों के सम्मान से विद्यालय परिवार में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी सम्माननीय अतिथियों एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
बैठक गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण के निर्माण और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता के संकल्प के साथ सम्पन्न हुई।
