छिंदवाड़ा, 15 अगस्त 2026। इंदिरा गांधी शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, छिंदवाड़ा में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आलोक यादव द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. आलोक यादव ने कहा कि छिंदवाड़ा की प्रतिभाओं को बेहतर अवसरों की तलाश में बड़े शहरों की ओर जाने की मजबूरी न हो, बल्कि बड़े शहरों के अवसर छिंदवाड़ा तक आएं। हमारा पॉलिटेक्निक ऐसा संस्थान बने, जहां से विद्यार्थी केवल डिप्लोमा लेकर नहीं, बल्कि कौशल, आत्मविश्वास, रोजगार की क्षमता और अपने भविष्य को संवारने का हुनर लेकर निकलें।
उन्होंने कहा कि इसी विजन के साथ महाविद्यालय का प्रयास है कि “छिंदवाड़ा की प्रतिभा को तकनीक और कौशल की उड़ान मिले तथा पॉलिटेक्निक से रोजगार, नवाचार और आत्मनिर्भरता की नई पहचान बने।”
कार्यक्रम का संचालन करते हुए विभागाध्यक्ष सुश्री नीलम खासकलम ने कहा कि छिंदवाड़ा केवल शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि कौशल विकास का भी प्रमुख केंद्र बने। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न नृत्य एवं गायन प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
आभार प्रदर्शन करते हुए विभागाध्यक्ष श्री राकेश कावरे ने कहा कि हमारा पॉलिटेक्निक केवल डिप्लोमा प्रदान करने वाला संस्थान न होकर विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य की दिशा देने वाला केंद्र बने। विद्यार्थी केवल नौकरी तलाशने वाले न बनें, बल्कि भविष्य में रोजगार के अवसर पैदा करने वाले बनें।
कार्यक्रम में सुश्री आकांक्षा बुनकर, सुश्री शाइस्ता मंसूरी, सुश्री ममता बघेल, श्री ओम कटकवार, सुश्री स्वाति चौरसिया, सुश्री शैली कराड़े सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
