मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026: जनसंवाद में मौके पर ही सुलझीं नागरिकों की समस्याएंसीवर कार्यों को लेकर आयुक्त चंद्र प्रकाश राय ने जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026: जनसंवाद में मौके पर ही सुलझीं नागरिकों की समस्याएं

सीवर कार्यों को लेकर आयुक्त चंद्र प्रकाश राय ने जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
छिंदवाड़ा। आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा संचालित ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’ के अंतर्गत नगर निगम छिंदवाड़ा द्वारा वार्डों में सघन जनसंवाद एवं मैदानी निरीक्षण किया गया। नगर निगम आयुक्त श्री चंद्र प्रकाश राय के निर्देशन में निगम अमले एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न वार्डों में पहुंचकर नागरिकों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

सीवर कार्यों में लापरवाही पर आयुक्त ने जताई अप्रसन्नता

मैदानी भ्रमण के दौरान आयुक्त श्री चंद्र प्रकाश राय ने वार्डों में संचालित विकास कार्यों एवं नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीवर संबंधी कार्यों की स्थिति पर उन्होंने अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए संबंधित उपयंत्री को आवश्यक सुधार कार्य तत्काल कराने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीवरेज से संबंधित शिकायतों एवं तकनीकी कमियों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। उन्होंने मैदानी अमले को शासन की विभिन्न जनहितकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं के लंबित आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मौके पर जारी किए गए 5 विवाह प्रमाण पत्र

जनसंवाद के दौरान नागरिकों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों एवं आवेदनों का मौके पर ही परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की गई। विशेष रूप से सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों एवं जन आकांक्षा पोर्टल से प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों द्वारा स्थल निरीक्षण कर निराकरण सुनिश्चित कराया गया।

नागरिक सेवाओं को सुगम एवं त्वरित बनाने की दिशा में कार्रवाई करते हुए मौके पर ही 5 पात्र हितग्राहियों को विवाह प्रमाण पत्र जारी कर सौंपे गए।

पेयजल, स्वच्छता और आवास संबंधी समस्याओं का भी लिया जायजा

भ्रमण के दौरान पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना, नालियों की साफ-सफाई सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

नगर निगम प्रशासन ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ के अंतर्गत वार्डों में जनप्रतिनिधियों एवं निगम अमले द्वारा नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं का मौके पर निराकरण कराने की प्रक्रिया आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

जनसंवाद एवं मैदानी निरीक्षण के दौरान नगर निगम उपायुक्त श्री कमलेश निरगुड़कर, कार्यपालन यंत्री श्री हिमांशु अतुलकर, सहायक यंत्री श्री विवेक चौहान एवं श्री ब्रजेश पांडे, कार्यालय अधीक्षक श्री मोहन नागदेव, योजना लिपिक श्रीमती सुषमा माथुर, एनयूएलएम प्रभारी श्री उमेश पयासी, राजस्व निरीक्षक श्री ऋषभ स्थापक सहित अन्य मैदानी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default