खेत में धान की बोनी के दौरान सांप ने काटा, समय पर एंटीवेनम मिलने से खतरा टला
जुन्नारदेव। ग्राम भीमकुण्ड में खेत में धान की बोनी के दौरान जहरीले सांप के काटने से गंभीर रूप से घायल हुए 21 वर्षीय युवक की समय पर उपचार मिलने से जान बच गई। राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग के त्वरित समन्वय और पटवारी की तत्परता से युवक को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल एंटीवेनम इंजेक्शन देकर उसकी हालत स्थिर कर दी।
जानकारी के अनुसार ग्राम भीमकुण्ड निवासी बाबू (21), पिता गुलाब उइके रविवार 16 अगस्त की शाम करीब 4 से 4:30 बजे परिवार के साथ खेत में धान की बोनी कर रहा था। इसी दौरान चितकबरे रंग के सांप ने उसे काट लिया। परिजनों के अनुसार सांप करीब तीन फीट लंबा था। काटने के बाद सांप मिट्टी में चला गया।
घटना की सूचना तत्काल गांव के कोटवार को दी गई, जिसने क्षेत्र के पटवारी राहुल सूर्यवंशी को जानकारी दी। तहसीलदार के निर्देशन एवं नायब तहसीलदार के मार्गदर्शन में पटवारी ने तत्काल 108 एवं 112 को सूचना दी। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए समय बचाने के लिए परिजन उसे मोटरसाइकिल से आगे तक लेकर पहुंचे। रास्ते में एंबुलेंस मिलने पर युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दमुआ पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया और शाम करीब 6 बजे युवक को एंटीवेनम इंजेक्शन दिया। समय पर उपचार मिलने से जहर का प्रभाव बढ़ने से रोक लिया गया और युवक की हालत खतरे से बाहर हो गई।
चिकित्सकीय निगरानी में उपचार के बाद बाबू की हालत पूरी तरह सामान्य हो गई। सोमवार 17 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे उसे अस्पताल से सकुशल डिस्चार्ज कर दिया गया।
युवक की जान बचाने में राजस्व विभाग की तत्परता, पटवारी राहुल सूर्यवंशी की सूझबूझ और स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्रवासियों ने सराहना की है।
