Top News

शक्करझिरी में नवांकुर सखी हरियाली कलश यात्रा आयोजित

शक्करझिरी में नवांकुर सखी हरियाली कलश यात्रा आयोजित
महिलाओं को पौधों का वितरण, पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ

छिंदवाड़ा, 17 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में नवांकुर संस्था वसुंधरा वेलफेयर सोसायटी द्वारा ग्राम पंचायत शक्करझिरी में नवांकुर सखी हरियाली कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर में दीप प्रज्ज्वलन एवं देवपूजन के साथ किया गया। अतिथियों का स्वागत फलदार पौधे एवं पुष्प देकर किया गया। नवांकुर सखी महिलाओं का भी सम्मान किया गया।

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक श्री भवानी कुमरे ने हरियाली कलश यात्रा के उद्देश्य एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। इसके बाद पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्री मदन शाहू ने महिलाओं को संबोधित किया। श्री विनोद वस्त्रणे एवं जनपद सदस्य श्री चेतराम धुर्वे की उपस्थिति में भगवान भोलेनाथ मंदिर से कलश यात्रा प्रारंभ हुई, जो ग्राम के विभिन्न मार्गों से होते हुए प्राचीन बावड़ी पहुंची। यहां पूजन के बाद यात्रा ग्राम पंचायत चौपाल पर संपन्न हुई।

कार्यक्रम के दौरान नवांकुर संस्था वसुंधरा वेलफेयर सोसायटी के श्री रोशन विसेन ने पर्यावरण संरक्षण पर विचार व्यक्त किए। नवांकुर सखी महिलाओं को जनप्रतिनिधियों द्वारा 11-11 फलदार पौधे वितरित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित सहभागियों को भी पौधे प्रदान कर पौधों की सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम के अंत में समिति सचिव श्री कमलेश खोसी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष श्री प्रकाश भादे, वनरक्षक श्री भूपेंद्र सूर्यवंशी, संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य, जनप्रतिनिधि, महिलाएं, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Post a Comment

और नया पुराने