भोपाल/छिंदवाड़ा, 17 अगस्त। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास एवं क्रियान्वयन ट्रस्ट की तीसरी अपेक्स मॉनिटरिंग अथॉरिटी बैठक में शामिल होने के लिए सोमवार सुबह नई दिल्ली रवाना हुए। बैठक केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में नई दिल्ली के होटल अशोका में आयोजित होगी।
बैठक में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, नीति आयोग के अधिकारी तथा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
बैठक में मध्यप्रदेश को देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। इनमें दिल्ली-नागपुर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य), एक्सप्रेस-वे आधारित औद्योगिक विकास तथा लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की कार्ययोजना प्रमुख रूप से शामिल है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देकर निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर तैयार करना है।
