छिंदवाड़ा। सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयासों से जिले के दो गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों के इलाज के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से कुल 6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। दोनों मरीजों को 3-3 लाख रुपये की सहायता मिलेगी।
सांसद की पहल पर छिंदवाड़ा निवासी वरिष्ठ पत्रकार पवन कुमार शर्मा के कैंसर उपचार के लिए 3 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत हुई है। इस राशि से उनका नागपुर के अस्पताल में उपचार कराया जा सकेगा। वहीं हर्रई विकासखंड के ग्राम बारगी निवासी अनिल साहू, जो किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं, उनके उपचार के लिए भी 3 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है। अनिल साहू का उपचार गुजरात के नडियाद स्थित अस्पताल में कराया जाएगा।
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इलाज का खर्च वहन करने में असमर्थ लोग सांसद कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर रहे हैं, जिनके प्रकरणों को संबंधित स्तर पर सहायता के लिए भेजा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि सांसद की पहल पर छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले के जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री स्तर से समय-समय पर आर्थिक सहायता स्वीकृत की जा रही है। इससे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उपचार में राहत मिल रही है।
सहायता राशि स्वीकृत होने पर दोनों मरीजों और उनके परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं सांसद बंटी विवेक साहू के प्रति आभार व्यक्त किया।
