छिंदवाड़ा, 18 अगस्त 2026। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा की तैयारियों को लेकर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री सतेन्द्र सिंह मरकाम ने कार्यालय में रविदास समाज के सामाजिक बंधुओं एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक ली।
बैठक में 20 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अभियान का उद्देश्य संत रविदास जी के जीवन दर्शन तथा उनके द्वारा दिए गए समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है।
बैठक में 20 अगस्त को राजमाता सिंधिया कन्या महाविद्यालय, छिंदवाड़ा में प्रातः 11 बजे आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के साथ विभिन्न विभागों एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई।
इसके अलावा 20 अगस्त से प्रस्तावित 20 दिवसीय रथ यात्रा के रूट चार्ट पर भी विचार-विमर्श किया गया। रथ यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
सहायक आयुक्त श्री मरकाम ने अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने तथा संत रविदास जी के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक समन्वय एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
