सर्वसमाज को एकजुटता के सूत्र में पिरोना हमारा लक्ष्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम, ‘समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा’ का शुभारंभप्रदेश में जहां-जहां संत रविदास जी के चरण पड़े, उन तीर्थ स्थलों का होगा उन्नयन

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
सर्वसमाज को एकजुटता के सूत्र में पिरोना हमारा लक्ष्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम, ‘समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा’ का शुभारंभ
प्रदेश में जहां-जहां संत रविदास जी के चरण पड़े, उन तीर्थ स्थलों का होगा उन्नयन
भोपाल/छिंदवाड़ा, 18 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से सर्वसमाज को एकजुटता के सूत्र में पिरोने का प्रयास किया जा रहा है। जातिवाद जैसी चुनौतियों के बीच समाज में पवित्र भाव, भाईचारा और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को भोपाल के रवींद्र भवन में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने संत रविदास जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनकी जन्मस्थली काशी से लाए गए पवित्र कलशों का पूजन कर संभागीय प्रतिनिधियों को कलश वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मध्यप्रदेश का सौभाग्य है कि सागर में करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से संत रविदास महाराज का भव्य मंदिर एवं स्मारक बनाया जा रहा है। जल्द ही प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को इसके लोकार्पण के लिए आमंत्रित किया जाएगा। संत रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष में उज्जैन में उनकी स्मृतियों एवं शिष्य के समाधि स्थल को संरक्षित करते हुए भव्य गुरुद्वारा निर्माण के लिए भूमि-पूजन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में जहां-जहां संत रविदास जी के चरण पड़े हैं, उन स्थानों को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित एवं उन्नत किया जाएगा।

संत रविदास के विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार समरसता संकल्प अभियान की कार्ययोजना में हर स्तर पर सहयोग करेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से संत रविदास जी के विचारों और उनके बताए मार्ग को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने सामाजिक एकता और मानव कल्याण का संदेश दिया। उनके विचारों ने समाज में भेदभाव को समाप्त करने और समरसता स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संत रविदास जी ने कर्म के साथ भक्ति को जोड़ा और समाज को समानता का संदेश दिया।

गांव-गांव पहुंचेगी कलश वंदन यात्रा

अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा को प्रदेश के गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। विभिन्न गांवों एवं कस्बों में कलशों की शोभायात्रा निकाली जाएगी।

पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष श्री लालसिंह आर्य ने कहा कि संत रविदास जी ने सामाजिक समरसता एवं मानव कल्याण का संदेश दिया। अभियान के तहत संत-महंतों से संपर्क के साथ छात्रावास संपर्क अभियान भी चलाया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को संत रविदास जी के जीवन दर्शन से परिचित कराया जा सके।

समरसता के संदेश को घर-घर पहुंचाने का संकल्प

पूर्व राज्यसभा सदस्य श्री दुष्यंत गौतम ने कहा कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर शुरू किया गया यह अभियान संत रविदास जी की वाणी और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि देश की संस्कृति एवं विरासत को आगे बढ़ाने वाले संत-महापुरुष समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

वरिष्ठ विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को कटुता छोड़कर समरसता अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने की आवश्यकता है। सागर में बन रहे संत रविदास जी के भव्य मंदिर एवं स्मारक को सामाजिक एकता का महत्वपूर्ण केंद्र बताया।

कार्यक्रम में मंत्रिगण, सांसद, विधायक, संतगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default